सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोरबा, 04 नवंबर 2026। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर को निशाना बना लिया। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। मुख्य और आवाजाही वाले मार्ग पर हुई इस घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार चोर रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने हनुमान जी के मंदिर में रखी दान पेटी और माता रानी के पास रखी दान पेटी को अपना निशाना बनाया और दोनों दानपेटियों को लेकर फरार हो गए।
मंदिर के पुजारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे वे रोज की तरह मंदिर खोलने आए थे। गेट खुला देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। लेफ्ट साइड में लकड़ी का गेट खुला था और हनुमानजी के सामने रखा सामान अव्यवस्थित था। माता जी का दानपात्र खुला पड़ा था। आशंका है कि चोर उसी को ले गए हैं। पुजारी ने बताया कि दानपेटी आखिरी बार चैत्र माह के नवरात्र में करीब 6 माह पहले खोली गई थी। अनुमान है कि दोनों दानपेटियों में लगभग 50 से 60 हजार रुपये की राशि थी। मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में दानपेटी चोरी की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रार्थी सौरभ मिश्रा के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, लेकिन आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर के ठीक सामने वन विभाग की कॉलोनी में भी हाल ही में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद वन विभाग ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। विभाग ने फाटक लगा दिया है और अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध का बोर्ड लगा दिया है।


