जीत के साथ सीरीज की शुरुआत: ऑकलैंड में दिखा चेज मास्टर कोहली का क्लास

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

ऑकलैंड, 04 नवंबर 2026। भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया ने यह लक्ष्य 22.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला वनडे सात नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

भारत ने 22.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पारी 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। स्कोर और भी कम होता, लेकिन आखिरी में ब्लेयर टिकनर की तूफानी पारी ने कीवियों को 180 के पार पहुंचाया। जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही। रोहित शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए। फिर शुभमन गिल और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। इस बीच मैच को दो बार बारिश के कारण रोकना पड़ा। पहली बार 10.5 ओवर के बाद मैच रोका गया। हालांकि, बारिश रुकी और मैच 40 ओवर का कर दिया गया। संशोधित लक्ष्य 167 रन का किया गया। हालांकि, कुछ गेंदों के बाद फिर बारिश शुरू हो गई और मैच रोकना पड़ा। बारिश जब रुकी तो एक बार फिर लक्ष्य को संशोधित किया गया। फिर भारत के सामने 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य था।

हालांकि, भारत ने 22.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। गिल 56 गेंद में पांच चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कोहली ने वनडे करियर का 80वां अर्धशतक लगाया। वह 51 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कोहली के आउट होते ही दो और विकेट गिरे। अक्षर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे, जबकि श्रेयस 15 रन बना सके। केएल राहुल तीन रन और नमन धीर पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

चेज मास्टर कोहली का चला जादू
वनडे में चेज करते हुए कोहली का बल्ला जमकर चलता है और ऑकलैंड में भी यही देखने मिला। कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे करियर का 80वां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम की। कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में 12 रन पूरे करते ही वनडे क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे कर लिए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग को पहले ही काफी पीछे छोड़ दिया था। विराट कोहली लंबे समय से भारतीय वनडे टीम में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते आ रहे हैं। इस क्रम पर उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं और अब इसी स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन का आंकड़ा पार कर लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में जैसे ही उन्होंने 12 रन पूरे किए, उनके नाम यह विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

न्यूजीलैंड की पारी 
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम साइफर्ट 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन, डेरिल मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन और ग्लेन फिलिप्स  51 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिकनर और डफी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। भारत को न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन 11वें नंबर पर आए ब्लेयर टिकनर ने किया। 

न्यूजीलैंड का स्कोर एक वक्त नौ विकेट पर 146 रन था। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी के साथ 10वें विकेट के लिए 31 गेंद में 39 रन की साझेदारी निभाई। टिकनर 23 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेलकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। विल यंग नौ रन, हेनरी निकोल्स नौ रन, टॉम लाथम तीन रन, कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन, नाथन स्मिथ एक रन और काइल जेमीसन एक रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बराड़ को तीन विकेट मिले। अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले।

Leave a Reply

Next Post

नयनतारा के बाद श्रीलीला की हुई रजनीकांत की फिल्म में एंट्री

शेयर करेपहली बार सुपरस्टार संग करेंगी काम छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           मुंबई, 04 नवंबर 2026। एक्ट्रेस श्रीलीला के हाथ एक और बड़ी तमिल फिल्म लगी है। वह जल्द ही रजनीकांत की फिल्म ‘धर्मन’ में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन अश्वथ मरिमुथु कर रहे हैं, जो ‘ओह माय कडवुले’ और ‘ड्रैगन’ जैसी फिल्मों […]

You May Like

डॉक्टर ने प्रदूषण के खतरों को लेकर किया अलर्ट....|....नयनतारा के बाद श्रीलीला की हुई रजनीकांत की फिल्म में एंट्री....|....जीत के साथ सीरीज की शुरुआत: ऑकलैंड में दिखा चेज मास्टर कोहली का क्लास....|....कैबिनेट ने ऊर्जा सुरक्षा के लिए 17,314 करोड़ रुपए की दो योजनाओं को दी मंजूरी....|....भारतवंशी विवेक रामास्वामी गवर्नर चुनाव हारे....|....दो से ज्यादा बच्चे तो चुनाव नहीं....|....बाल शोषण-दुष्कर्म से जुड़े मामलों पर सरकार सख्त....|....कर्नाटक में बस किराया बढ़ाने पर घमासान....|....जांजगीर में 32 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी....|....थाने के पास स्थित हनुमान मंदिर से दो दानपेटियां चोरी