अलग-अलग क्षेत्रों से करते थे बाइक चोरी, 4.50 लाख की संपत्ति बरामद

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
रायगढ़, 07 सितंबर 2026। रायगढ़ में आदतन बदमाश अपने साथी के साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों से बाइक की चोरी करता था। जहां उसने शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 4 एक्टिवा चोरी कर फरार हो गया, लेकिन घटना के बाद मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पूछताछ में पुराने चोरी का भी खुलासा हुआ है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक 14 से 17 अगस्त के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट 20 अगस्त को गजानंद पटेल 32 साल ने जूटमिल थाना में दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि आदतन बदमाश मार्शल यादव 26 साल निवासी मिट्ठुमुड़ा, गांधी नगर और उसका साथी सुनील सारथी 34 साल निवासी भजनडीपा के पास चोरी की स्कूटी रखी हुई है। ऐसे में पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मार्शल यादव ने अपने साथी सुनील सारथी के साथ शोरूम यार्ड में चोरी के इरादे से घुसना स्वीकार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यार्ड में नई स्कूटियों की कतार लगी थी और कई वाहनों में चाबी लगी हुई थी।
दोनों ने अलग-अलग दिनों में चार स्कूटियां चोरी कीं और उन्हें सुनील सारथी के घर के नीचे नगर निगम कॉलोनी में छिपाकर रखा था। दोनों आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के बताने पर उनके पास से चारों चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद कर लीं। पुलिस ने करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर आगे की कार्रवाई में जूट गई है।
पुरानी चोरी का भी हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपी मार्शल यादव ने करीब दो माह पूर्व एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। बाइक चोरी करने के बाद पेट्रोल खत्म होने पर आरोपी ने उसे पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास छोड़ दिया था। उस दौरान पुलिस ने बाइक को लावारिस हालत में बरामद कर लिया था। इसी तरह आरोपी ने करीब एक माह पूर्व गांधीनगर-काशीराम चौक से ड्रीम युग मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसे कोड़ातराई के पास छोड़ दिया गया था, जिसे भी पूर्व में पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद किया था।
चक्रधरनगर और कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की जानकारी
पूछताछ के दौरान आरोपी मार्शल यादव ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी कई स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना बताया है। पुलिस इन वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी मार्शल यादव आदतन बदमाश है, कई बार पुलिस उसे बाइक चोरी में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पिछले माह ही चक्रधरनगर पुलिस द्वारा उसे छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था।


