PSC अनियमितता मामले में IAS अफसर ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार हिरासत में

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

कर्नाटक, 30 अगस्त 2026। कर्नाटक लोक सेवा आयोग की पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में सीआईडी ने आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप के बाद यह कार्रवाई की गई। गंगवार से सीआईडी ने शुक्रवार और शनिवार को पूछताछ की थी। वह जांच अधिकारी की ओर से जारी नोटिस के जवाब में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, 23 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बेंगलुरु और बरेली स्थित गंगवार के परिसरों पर छापेमारी की थी। यह जांच KPSC द्वारा आयोजित पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित घोटाले से जुड़ी है। गंगवार 2016 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में कर्नाटक के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में MSME निदेशक के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह KPSC में परीक्षा नियंत्रक के रूप में कार्यरत थे। इस साल मार्च में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था। जांच में कथित भर्ती घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

नदियों में उफान, झारखंड के कई इलाकों में खतरा
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वर्णरेखा और खरखाई नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद शनिवार रात को अलर्ट जारी किया। खरखाई नदी लाल निशान से 1.32 मीटर ऊपर बह रही थी, वहीं स्वर्णरेखा नदी में पानी का स्तर मानगो पुल स्थल पर खतरे के स्तर 121.50 मीटर के मुकाबले 120.24 मीटर था। दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है और एहतियात के तौर पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।

नीट-पीजी से एक दिन पहले युवती ने की आत्महत्या
हैदराबाद में नीट-पीजी की तैयारी कर रही 26 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। वह परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को निजी हॉस्टल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर मृत पाई गई। आंध्र प्रदेश की रहने वाली यह डॉक्टर एमबीबीएस पूरा कर सात महीनों से यहां नीट-पीजी की तैयारी कर रही थी और रविवार को परीक्षा देने वाली थी। कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि वह इंटरमीडिएट के समय से डिप्रेशन से जूझ रही थी। इसके लिए दवा भी ले रही थी। नोट में नीट का कोई जिक्र नहीं था। शनिवार सुबह पिता से बात के बाद उसका फोन बंद हो गया, जिसके बाद हॉस्टल स्टाफ ने उसे बेहोश हालत में पाया और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिक्कड़पल्ली थाने में मामला दर्ज किया गया है। 

लद्दाख को अनुच्छेद 371 के तहत जल्द ही मिल सकते हैं विशेष प्रावधान : रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को जल्द संविधान के अनुच्छेद 371 के तहत विशेष प्रावधान मिल सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय इस दिशा में काम कर रहा है। लेह जिले के शेय स्थित ड्रुक पद्मा करपो स्कूल के रजत जयंती संस्थापक दिवस समारोह में पहुंचे रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख को विशेष महत्व देते हैं। लद्दाख उनके दिल के बहुत करीब है। प्रस्तावित प्रावधान जल्द लागू होंगे और इससे लद्दाख के लोगों को लाभ मिलेगा। हालांकि, रिजिजू ने इस संबंध में किसी सरकारी अधिसूचना या अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की। उनके बयान से स्पष्ट है कि प्रस्ताव विचाराधीन है।

सड़क संपर्क में हुआ बड़ा सुधार
रिजिजू ने प्रधानमंत्री के निकट भविष्य में लद्दाख दौरे के भी संकेत दिए। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री लंबे समय से क्षेत्र का दौरा करना चाहते हैं ताकि स्थानीय लोगों से बातचीत कर सकें। हालांकि, इस दौरे की अभी कोई निश्चित तारीख या आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि जिन यात्राओं को पहले पूरा करने में कई दिन लगते थे। अब बेहतर सड़क संपर्क के कारण कुछ ही घंटों में पूरा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Next Post

पीएम मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान

शेयर करेयूरेनियम समेत कई समझौतों पर बनी सहमति छत्तीसगढ़ रिपोर्टर   ताशकंद (उज्बेकिस्तान), 30 अगस्त 2026। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओलिय दरजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया। इस दौरान दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने पर सहमति बनी। […]

You May Like

40 की उम्र में मां बनने वाली हैं कश्मीरा ईरानी....|....'हैवान' नहीं करना चाहते थे कई अभिनेता....|....चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म....|....पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, धमाकों से दहला मनौरी बाजार....|....पसंद के लड़के से शादी करना चाहती थी 17 साल की बेटी....|....कब्र खोदकर निकाला तीन माह की मासूम का शव....|....नीचे उफनती नदी, ऊपर डगमगाता बांस का पुल....|....कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट पर चोरों का धावा....|....रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे नेपाली दूतावास....|....प. एशिया में फिर गहराया संकट