गुस्साए लोगों ने बाईपास जाम किया

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
संतकबीर नगर, 23 सितंबर 2026। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के भगठान गांव में मंगलवार की दोपहर बाद पुराने रंजिश को लेकर एक युवक की मारपीट कर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज के नीचे शाम लगभग 5 बजे रखकर हंगामा करना शुरु कर दिया।
सूचना के बाद एएसपी, सीओ व कई थाना की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाया। विश्वस्त जानकारों के अनुसार कोतवाली पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।जानकारी के अनुसार, भगठान गांव निवासी दयाराम व गांव के ही एक परिवार के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था। आसपास के लोगों की मानें तो पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट व विवाद हुआ था। मंगलवार को ब्रह्मानंद यादव 35 वर्ष पुत्र दयाराम तीन बजे के बास पास बाइक से घर से गिठनी बाजार जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में विपक्षी पहले से ही सुनियोजित तरीके से घात लगाकर बैठे थे। ब्रह्मानंद के पहुंचते ही अचानक लाल मिर्च पाउडर उनकी आंख में डाल दिया, जिससे वह बाइक समेत जमीन गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से लाठी डंडा, फरसा से हमला कर दिया, जिससे काफी गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना के बाद परिजन उन्हे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत से बौखलाए लोगों ने शव को मेंहदावल बाईपास ओवर ब्रिज के नीचे रखकर जाम कर दिया।


