अग्निपथ योजना में बदलाव को बताया तोहफा

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
बागडोगरा, 07 नवंबर 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली की पूर्व संध्या पर दार्जिलिंग के बागडोगरा एयरफील्ड में भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने का जिक्र किया।
राजनाथ सिंह ने कहा, ”शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो साल का एक और कार्यकाल देने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इससे उन्हें देश की सेवा करने का एक और मौका मिलेगा।”
दिवाली के मौके पर जवानों के त्याग को किया याद
रक्षा मंत्री ने दिवाली की पूर्व संध्या पर जवानों के हौसले और त्याग को याद करते हुए कहा, ”त्योहार पर सभी को अपने घर की याद आती है। इन यादों को आप सभी अपने सीने में समेटकर देशवासियों की सुरक्षा में आप तत्पर हैं। इसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। मैं आपकी इस तपस्या का अभिनंदन करता हूं।”
सेवा विस्तार को बताया अग्निवीरों के लिए दिवाली का तोहफा
उन्होंने कहा कि निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सेना में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। रक्षा मंत्री ने कहा, “मेरा मानना है कि यह हमारे अग्निवीरों के लिए दिवाली का बहुत बड़ा तोहफा है।”
वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित को दी बधाई
इस दौरान रक्षा मंत्री ने एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के प्रमुख का पदभार संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, ”आशुतोष भगवान शिव का भी एक नाम है। भगवान शिव स्वभाव से सौम्य, सरल और शांत हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह रौद्र रूप भी धारण कर सकते हैं।” राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के प्रमुख का पदभार संभालने पर बधाई देता हूं। आशुतोष भगवान शिव का भी एक नाम है। भगवान शिव स्वभाव से सौम्य, सरल और शांत हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह रौद्र रूप भी धारण कर सकते हैं। दुश्मनों के हित में यही है कि उन्हें कभी एयर चीफ मार्शल दीक्षित का रौद्र रूप देखने की नौबत न आए।”
जवानों को खिलाई मिठाईयां
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट पर दिवाली समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और उन्हें मिठाइयां बांटीं। सैनिकों के साथ दिवाली समारोह के दौरान एक भारतीय वायुसेना के जवान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में गीत भी गाया।

