बताया- कैसे भारतीय ड्रेसिंग रूम में की थी उनकी मदद

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 07 नवंबर 2026। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने प्रतिक्रिया दी है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्केल ने कहा कि जब उन्होंने भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में काम करना शुरू किया था, तब शमी ने ड्रेसिंग रूम में उन्हें काफी मदद की थी। उन्होंने शमी को शानदार कौशल वाला खिलाड़ी और टीम के लिए बेहतरीन साथी बताया। मोर्केल ने कहा कि शमी को टेस्ट क्रिकेट से विदा लेते देख उन्हें दुख हुआ।
भारतीय ड्रेसिंग रूम को समझने में शमी ने की मदद
मोर्ने मोर्केल 2024 में मुख्य कोच गौतम गंभीर के कोचिंग सेटअप के हिस्से के रूप में भारतीय टीम से जुड़े थे। हालांकि, उन्हें टेस्ट प्रारूप में शमी के साथ काम करने का मौका नहीं मिला, लेकिन 2025 की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान दोनों ने कुछ समय साथ बिताया था। यह भारतीय जर्सी में शमी का आखिरी टूर्नामेंट था।
मोर्केल ने मैच से पहले प्रसारकों से बातचीत में कहा, ‘मैं काफी खुशकिस्मत था कि जब मैंने टीम के साथ काम करना शुरू किया, तब शमी टीम का हिस्सा थे। वह बेहद कुशल खिलाड़ी हैं और टीम में उनके जैसा खिलाड़ी होना अच्छी बात है। जब मैं टीम से जुड़ा तो उन्होंने ड्रेसिंग रूम में भारतीय माहौल और भाषा को समझने में मेरी काफी मदद की। उन्होंने मेरी बहुत सहायता की। उन्हें जाते देख दुख हो रहा है।’
तीनों प्रारूपों में 462 विकेट लेकर छोड़ी छाप
मोहम्मद शमी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में कुल 462 विकेट लिए। इनमें टेस्ट क्रिकेट में 229 और वनडे में 206 विकेट शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बावजूद शमी सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। वह बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में भी कुछ और समय तक खेलते नजर आएंगे।
घरेलू क्रिकेट में अब भी खूब गेंदबाजी कर रहे शमी
मोर्ने मोर्केल ने शमी के घरेलू क्रिकेट में खेलने और उनकी गेंदबाजी के प्रति प्रतिबद्धता पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘मेरा मतलब है कि वह अब भी अपने देश में काफी ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं और यह देखना अच्छा है।’


