तिरुवनंतपुरम में हिंसा के बाद 160 कार्यकर्ताओं पर केस

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

केरल, 01 अक्टूबर 2026। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन ने राज्य में हो रही घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि केरल में ऐसी चीजें हो रही हैं जो नहीं होनी चाहिए। विजयन ने आरोप लगाया कि एसएफआई कार्यकर्ताओं पर एकतरफा हमला किया गया है। उन्होंने बताया कि एसएफआई कार्यकर्ता छात्रावास के अंदर थे। उनकी तरफ से कोई उकसावा नहीं था। यूथ कांग्रेस छात्रों पर हमला कर रही है। यह एक सुनियोजित हमला था। छात्रावास के अंदर एक जलती हुई मशाल फेंकी गई। हमलावरों ने घायलों को अस्पताल ले जाने से रोकने की कोशिश की। इस हमले में एसएफआई के प्रदेश सचिव भी घायल हुए हैं। विजयन ने कहा कि पूरे राज्य में जोरदार विरोध प्रदर्शन होंगे। उन्होंने सत्तारूढ़ दल के युवा संगठन पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया।

हिंदी पखवाड़े के समापन पर 30 देशों के छात्र बोले-दिल में भारत
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की छात्रवृत्ति पर भारत में पढ़ रहे करीब 30 देशों के अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने हिंदी पखवाड़ा 2026 के समापन समारोह में हिस्सा लिया। भारत से अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को जताते हुए छात्रों ने कहा, भारत हमारे दिलों में बसा है। हिंदी को जुड़ाव की भाषा माना। आईसीसीआर की महानिदेशक नंदिनी सिंगला ने कहा कि हिंदी भारत की सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों और परंपराओं को दुनिया तक पहुंचाने का एक अहम माध्यम है। उनके मुताबिक अंतरराष्ट्रीय छात्रों की यह भागीदारी हिंदी भाषा के बढ़ते वैश्विक जुड़ाव को दर्शाती है। 

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, अलग-अलग संगठनों से जुड़े होने का आरोप
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के तीन कैडर और PREPAK-PRO का एक स्वयंभू कैप्टन शामिल है।

दो PLA कैडरों को भारत-म्यांमार सीमा के पास तेंगनौपाल जिले के शाइबोल इलाके से पकड़ा गया। अधिकारियों को उनके मिन्थर कैंप से भागने और घुसपैठ की आशंका की खुफिया जानकारी मिली थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्षेतीमयुम कृष्ण दास और खुनुमायुम सांगर सिंह के रूप में हुई है। एक अन्य PLA सदस्य नेप्राम सिंहाजित सिंह को इंफाल पूर्वी जिले के खुराई पुथिबा लीकाई से पकड़ा गया। उस पर नए कैडरों की भर्ती में शामिल होने का आरोप है। वहीं, PREPAK-PRO के मोइरांगथेम बोबॉय सिंह को थौबल जिले के चंद्रखोंग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, उस पर चार किशोरों की भर्ती कर उन्हें म्यांमार भेजने का आरोप है।

तमिलनाडु में दर्दनाक हादसा: बंद पड़े वाटर प्लांट में करंट लगने से दो बच्चों की मौत
तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में बंद पड़े वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट के पास खेल रहे दो बच्चों की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा बुधवार को कमुथी इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, 9 वर्षीय निरैमथी और उसका छह वर्षीय भाई बालप्रणव एक बिजली से चार्ज धातु के ढांचे के संपर्क में आ गए थे।

पुलिस को आशंका है कि प्लांट के अंदर कटी हुई बिजली की केबल से करंट लीक हुआ। इससे पूरा धातु का ढांचा बिजली के संपर्क में आ गया था। सबसे बड़ी चिंता यह सामने आई कि पेयजल प्लांट छह साल से अधिक समय से बंद था, लेकिन उसकी बिजली आपूर्ति अब तक काटी नहीं गई थी। घटना के बाद कमुथी के ब्लॉक विकास अधिकारी चंद्रशेखरन ने पंचायत सचिव के. रासु को रखरखाव में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया।

बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और दोनों बच्चों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

तिरुवनंतपुरम में हिंसा के बाद 160 कार्यकर्ताओं पर केस
केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बुधवार रात हुए विवाद के बाद पुलिस ने 160 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इनमें 80 KSU/यूथ कांग्रेस और 80 SFI/DYFI कार्यकर्ता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, KSU और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकाल रहे थे। मार्च जब केरल यूनिवर्सिटी हॉस्टल के पास पहुंचा, तब दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

यूथ कांग्रेस और KSU कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल से प्रदर्शनकारियों पर पत्थर फेंके गए। वहीं, SFI और DYFI कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रदर्शनकारियों ने हॉस्टल में रह रहे छात्रों की ओर जलती हुई मशालें फेंकीं।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता समेत कई कानूनों के तहत मामले दर्ज किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, लगाए गए आरोप गैर-जमानती हैं और आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। SFI ने राज्यभर के शिक्षण संस्थानों में विरोध प्रदर्शन का एलान किया है।

ओडिशा में खनन कानून के खिलाफ BJD की पदयात्रा

ओडिशा में बीजू जनता दल संशोधित खनन कानून के खिलाफ 2 अक्तूबर से राज्यभर में पदयात्रा शुरू करने जा रहा है। पार्टी के अनुसार, यह अभियान 2 नवंबर तक चलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक 2 अक्टूबर को भुवनेश्वर में कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।

पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा ने बताया कि जनसंपर्क पदयात्रा के दौरान पार्टी नेता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। BJD का कहना है कि अभियान के जरिए संशोधित खनन कानून को वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।

पार्टी ने आरोप लगाया है कि केंद्र के नए कानून से खनिज संपदा वाले राज्यों के अधिकार प्रभावित होंगे। BJD नेताओं ने यह भी दावा किया कि ओडिशा को खनन कंपनियों से करीब एक लाख करोड़ रुपये का बकाया मिलना है।

पार्टी के मुताबिक, पदयात्राएं उसके सभी 34 संगठनात्मक जिलों के मुख्यालयों और प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित की जाएंगी। वहीं, केंद्र सरकार के संशोधित कानून के प्रावधानों को लेकर विपक्षी दलों की आपत्तियां भी सामने आई हैं।

तिरुवनंतपुरम में BJP दफ्तर पर बीयर की बोतल फेंकने का मामला
केरलम के तिरुवनंतपुरम में BJP के राज्य मुख्यालय पर बीयर की बोतल फेंके जाने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। घटना बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, स्कूटर से आए दो लोगों ने थंपानूर स्थित KG मरार भवन पर बीयर की बोतल फेंकी।

FIR के मुताबिक, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया। इसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना ऐसे समय हुई जब तिरुवनंतपुरम में अलग-अलग राजनीतिक समूहों के बीच कई विरोध-प्रदर्शन और झड़पें हुईं।

बुधवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और SFI/DYFI कार्यकर्ताओं के बीच भी हिंसक टकराव हुआ था। इसके अलावा BJP की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर उसके नेता पीके कृष्णदास की गाड़ी पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। शहर में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Next Post

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर भाजपा का तंज

शेयर करेमंत्री सारंग बोले-पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए आ रहे हैं छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           भोपाल, 01 अक्टूबर 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से पहले भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा की ओर से कहा गया कि राहुल गांधी मध्यप्रदेश में ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ के लिए आ रहे हैं […]

You May Like

ग्राम सभाओं में दो अक्टूबर से विकसित ग्राम पंचायत योजना की कवायद तेज....|....वैभव बैस बोले- युवा कांग्रेस के चुनाव में फर्जी वोटर का उपयोग....|....यात्रियों से भरी नाव के इंजन से उठीं आग की लपटें....|....राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर भाजपा का तंज....|....तिरुवनंतपुरम में हिंसा के बाद 160 कार्यकर्ताओं पर केस....|....एफसीआरए बिल: जेपीसी के कामकाज पर कांग्रेस ने उठाए सवाल....|....विमान में आतंकी हमला: स्मित का साहस देख खाड़ी के इतिहासकार बोले- भारत महान देश....|....एआई का नाम बदल क्या समर्थकों को फायदा पहुंचा रहे ट्रंप....|....सबरीमाला के 'हलाल गुड़' पर हाईकोर्ट सख्त....|....भाजपा के निशाने पर आए राहुल गांधी?