बजरंग दल-विहिप सड़क पर उतरे, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
भोपाल, 15 नवंबर 2026। भोपाल के जहांगीराबाद में गोवंश काटे जाने के आरोप ने रविवार को तूल पकड़ लिया। तीन गायों के अवशेष मिलने का दावा करते हुए बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई।
तड़के मौके पर पहुंचे, तीन गायों के अवशेष मिलने का दावा
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, रविवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच उन्हें जहांगीराबाद इलाके में गोवंश काटे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पांच गाय जीवित मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष पड़े होने का दावा किया गया। कार्यकर्ताओं ने अजहर अली, इमरान, आदिल और मुज्बील पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
विरोध के दौरान विवाद और हमले का आरोप
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विरोध के दौरान उनके साथ विवाद हुआ और उन पर हमला किया गया। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की शिकायत भी पुलिस से की गई है। तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने का दावा भी सामने आया है।
थाने में धरना, अवशेषों की जांच की मांग
घटना से नाराज कार्यकर्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने बरामद अवशेषों की जांच कराने, आरोपियों की भूमिका उजागर करने और कथित हमले व वाहन में तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल गोवंश काटे जाने और नामजद लोगों की संलिप्तता की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। अवशेषों की जांच और पुलिस की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

