दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 14 नवंबर 2026। मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बार फिर जूता बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। फेज-2 स्थित ए-76 नंबर फैक्टरी में दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने पहले मेक-4 घोषित किया, जिसके तहत 11 दमकल इकाइयां मौके पर भेजी गईं। बाद में मेक-6 घोषित कर दमकल की कुल 16 इकाइयां तैनात की गईं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने और किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान में जुटे हैं। फिलहाल अभियान जारी है। आग लगने के कारण और किसी के हताहत होने के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। गौरतलब है कि इससे पहले 30 अक्तूबर की रात मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 स्थित जूता फैक्टरी में भी भीषण आग लगी थी। उस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे। करीब 15 दिन के भीतर जूता फैक्टरी में आग की दूसरी घटना सामने आने से औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरियों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर फिर सवाल उठने लगे हैं।


