टांगिया से किया हमला

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
सुकमा , 05 अक्टूबर 2026। सुकमा जिला मुख्यालय के कुम्हरास गांव में रविवार देर रात शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान पिता ने अपने ही बेटे पर टांगिया से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।
नशे में कहासुनी के बाद हमला
जानकारी के अनुसार कुम्हरास निवासी वेट्टी लक्ष्मण रविवार रात करीब 10 बजे घर के पास शराब के नशे में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका पिता वेट्टी हड़मा जंगल से लकड़ी काटकर घर वापस लौटा। बेटे के नशे में होने और विवाद करने को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने पास रखी टांगिया से लक्ष्मण पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पिता हिरासत में लिया
बताया जा रहा है कि पिता और पुत्र के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। रविवार रात भी शराब के नशे में शुरू हुआ झगड़ा हत्या तक पहुंच गया। इस परिवार में पहले ही बीमारी के चलते एक बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। इस वारदात के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


