परेड में दिखेगी ‘नक्सल’ पर विजय की झलक

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर 2026।  ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर 31 अक्तूबर को गुजरात के ‘एकता नगर’ में आयोजित होने वाली परेड में इस बार ‘नक्सल’ पर विजय की झलक दिखाई पड़ेगी। नक्सलवाद का खात्मा करने वाले सीएपीएफ, डीआरजी और पुलिस के जवान, एकता दिवस की परेड में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान यह दिखाया जाएगा कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और लोकल पुलिस के जवानों ने किन मुश्किलों का सामना करते हुए दशकों से जारी नक्सलवाद को समाप्त किया है। 

गृह सचिव गोविंद मोहन ने बताया कि ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह में  नक्सलवाद से प्रभावित रहे 126 जिलों से 5000 लोग इस समारोह में शामिल होंगे। 2000 ऐसे कलाकार भी समारोह का हिस्सा बनेंगे, जो माओवाद की हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों के निवासी हैं। नक्सलियों के चलते लोगों को किन मुश्किलों का सामना करना पड़ा, उनकी आर्थिक हालत खतरे में पड़ गई, उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। ‘नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा’ के कलाकार एकता दिवस पर उस दौर का जीवंत चित्रण प्रस्तुत करेंगे। कलाकारों द्वारा उस डर को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका सामना उन्होंने दशकों तक किया है। गृह सचिव ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोगों के अनुभवों को जीवंत करना है, जिन्होंने दशकों तक हिंसा झेली है। 

इस बार एकता दिवस पर आठवीं परेड आयोजित की जाएगी। साथ ही ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष को दर्शाती झांकियां भी एकता दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगी। सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ मनाया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी इन कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। इस बार भी 30 अक्तूबर और 31 अक्तूबर के कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मोदी शिरकत करेंगे। गर्मी को देखते हुए इस बार एकता दिवस की परेड और दूसरे कार्यक्रम सुबह की बजाए शाम को आयोजित किए जाएंगे। 

इस समारोह में 15 झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें से 10 झांकियां गुजरात से संबंधित होंगी और बाकी पांच राष्ट्रीय स्तर की थीम वाली रहेंगी। ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान से जुड़ी बाइक रैली भी समारोह में शामिल होगी। एकता नगर में आयोजित होने वाले समारोह एक नवंबर से 15 नवंबर तक चलेंगे। इस बार देश विदेश से आए लगभग 25000 लोग, एकता दिवस के कार्यक्रमों का गवाह बनेंगे। अभी तक छह हजार से ज्यादा लोगों ने डिजिटली रजिस्ट्रेशन करा दिया है। 25 हजार लोगों के लिए अस्थायी टैंटों की व्यवस्था की गई है। इस आयोजन की तैयारी पूरा होने में चार माह का समय लगा है।

Leave a Reply

You May Like

परेड में दिखेगी 'नक्सल' पर विजय की झलक....|....शिमला से रामपुर के लिए सप्ताह में तीन दिन शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा....|....शीतला माता मंदिर में बेकाबू ट्रक का तांडव....|....सूदखोरों से परेशान कैटरिंग कारोबारी लापता....|....9 शहीद पुलिसकर्मियों को सीएम मोहन यादव का नमन....|....महानदी के तट पर बसी प्राचीन दक्षिण कोसल की राजधानी सिरपुर अब विश्व पर्यटन मानचित्र पर बनाएगी विशिष्ट पहचान....|....सोशल मीडिया पर ट्रोल हुआ नगर निगम का 'रोता हुआ रावण'....|....उद्घाटन से पहले भारतमाला हाईवे में दरार, गुणवत्ता पर उठे सवाल....|....दशहरे की रात बनी काल, सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, कई घायल....|....प्रवीण-आयुष और सचिन खिलारी ने जीता गोल्ड