कर्ज चुकाने के लिए दोस्त के साथ की चोरी, 15.50 लाख का माल जब्त

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
राजनांदगांव, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़ में ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए चोरी करने वाले दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की मोहारा पुलिस चौकी के ग्राम ठाकुरटोला में हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र साहू (36 वर्ष) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश हुआ।
साजिश और चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेन्द्र साहू ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये हार चुका था। कर्ज से परेशान होकर उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। दोनों ने ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा के सूने मकान की रेकी की। 25 अगस्त की सुबह लगभग 4 बजे दोनों आरोपी मौके पर पहुंच गए। गणेश्वर ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से मकान की छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर रहकर निगरानी करता रहा। सुबह 9 बजे के आसपास जब घर के सभी सदस्य खेती-किसानी के काम से खेत चले गए, तब बाहर खड़े सुरेन्द्र ने मोबाइल से इशारा किया। इसके बाद छत पर छिपा गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से ताला तोड़कर भीतर घुसा। उसने गोदरेज आलमारी तोड़कर सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की करधन और पैरपट्टी चुरा ली। इसके बाद दोनों आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए।
किराए का मकान और पुरानी चोरी
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी रायपुर की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रहने लगे। उन्होंने चोरी के जेवर बेचने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने गहनों को किराए के कमरे में ही छिपा दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेन्द्र साहू की एक और चोरी सामने आई। उसने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित हेमंत साहू के घर में घरेलू काम करने के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चुराए थे। इन जेवरों को आरोपी ने डोंगरगढ़ स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पंद्रह लाख रुपये की जब्ती
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने करीब तीन महीने बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ठाकुरटोला से चुराए गए 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, वारदात में इस्तेमाल की गई 5 लाख रुपये मूल्य की कार और अरिहंत नगर से चुराए गए 2 लाख रुपये के गहने जब्त किए हैं। इस तरह कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

