विस्थापित ग्रामीणों की अनोखी दंडवत न्याय यात्रा

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

कोरबा, 23 नवंबर 2026।  कोरबा जिले में सोमवार को विस्थापित ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। चंद्रनगर जटराज के विस्थापित ग्रामीणों ने प्रशासन और एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर लेटकर दंडवत न्याय यात्रा निकाली। सुबह 10 बजे घंटाघर स्थित अंबेडकर चौक से शुरू हुई यह यात्रा कलेक्टर कार्यालय के जनदर्शन तक पहुंची।

ग्रामीण हाथों में आवेदन लेकर जमीन पर दंडवत होते हुए आगे बढ़ रहे थे। उनके इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने ग्राम चंद्रनगर जटराज को बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए महज तीन दिन में खाली करा लिया था। पूरे गांव के लोगों को छह अलग-अलग स्थानों पर बसा दिया गया। आरोप है कि विस्थापन के बाद से अब तक किसी भी पुनर्वास स्थल पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, पुनर्वास स्थलों पर सड़क, नाली, पेयजल, चारागाह, मुक्तिधाम, देवस्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान, सार्वजनिक शौचालय और मवेशियों के लिए शेड जैसी सुविधाएं नहीं हैं। उनका आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन ने कई बैठकों में मकान का किराया देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक एक रुपये की भी आर्थिक सहायता नहीं दी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पुनर्वास स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल के चक्रवाती तूफान और बारिश में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पक्के मकान बनाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है। वहीं, खदान के पहाड़ के किनारे हाई वॉल नहीं बनाई गई है। इसके कारण पहाड़ से मलबा और पानी सीधे निर्माणाधीन मकानों में घुस रहा है। इससे ग्रामीणों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है।

विस्थापित परिवार चक्रवात, भारी बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुनर्वास स्थलों पर शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण महिलाओं और पुरुषों को आज भी खुले में शौच जाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर 23 नवंबर, सोमवार को दंडवत न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रदर्शन की पूर्व सूचना कलेक्टर और एसपी को भी दी गई थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे खदान बंद कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

You May Like

विस्थापित ग्रामीणों की अनोखी दंडवत न्याय यात्रा....|....आयुष विभाग के फार्मासिस्टों को 10 साल पुराने विवाद में राहत....|....इंदौर में ऑनलाइन बिजली बिल भरने में उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी....|....पता चलेगा दस लाख साल पुराना इतिहास....|....तेज हवाओं के बावजूद प्रदूषण से नहीं राहत....|....सीएम योगी की मौजूदगी में काशी में सजेगा भव्य दीपोत्सव....|....अब एक ट्रैक पर राम-जानकी की नगरी....|....मोनालिसा: पिंक आउटफिट में भोजपुरी अभिनेत्री ने दिए शानदार पोज....|....महिलाओं के शरीर में कैल्शियम की कमी के दिखते हैं ये शुरुआती संकेत....|....वेलिंगटन टेस्ट: 2014 के बाद बेसिन रिजर्व में सिर्फ दूसरा मुकाबला ड्रॉ