अब एक ट्रैक पर राम-जानकी की नगरी

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

अयोध्या, 23 नवंबर 2026।  भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकल्प दोहराते हुए नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अटूट विश्वास, साझा संस्कृति और आत्मीयता का रिश्ता है। दोनों देश एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं। नेपाल के बिना राम अधूरे हैं। 

प्रधानमंत्री ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की दूरदर्शिता और उनके विजन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेंद्र शाह के स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता की झलक देखने को मिली है। उनका विजन नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल के लिए भारत गहरी संवेदना रखता है। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के जीवन को फिर से पटरी पर लाना और वहां के दीर्घकालिक विकास को मजबूती देना भारत का संकल्प है। इसी दिशा में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास होगा कि प्रभावित परिवारों के जीवन में फिर से खुशहाली लौटे, नए अवसर पैदा हों और भविष्य में आने वाली आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता भी मजबूत हो।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों का आधार इतिहास, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्ते हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ से इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों देशों के बीच आस्था से जुड़े पवित्र स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू हुई यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को भी बढ़ाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का काम भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही अधिक सुविधाजनक होगी। उन्होंने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी नई गति दी जाएगी। व्यापार को आसान बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा।

पीएम मोदी ने नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की विशाल ऊर्जा जरूरतें नेपाल की आर्थिक प्रगति का आधार बन सकती हैं। उन्होंने लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना को समय पर पूरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देश ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ नेपाल में कृषि और औद्योगिक विकास के लिए भी मिलकर काम करेंगे। नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेपाल के पास विकास के लिए सामर्थ्य है और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद भी। भारत और नेपाल मिलकर अपनी चुनौतियों को उपलब्धियों में बदल सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर व्यापारिक कनेक्टिविटी, निवेश, ऊर्जा सहयोग और बुनियादी ढांचे के विकास से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। संबोधन के अंत में उन्होंने भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे का उद्घोष करते हुए दोनों देशों के संबंधों का नया सुनहरा अध्याय लिखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Next Post

सीएम योगी की मौजूदगी में काशी में सजेगा भव्य दीपोत्सव

शेयर करे21 लाख दीपों से जगमगाएंगे 88 घाट छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           वाराणसी, 23 नवंबर 2026। काशी में मंगलवार को 88 घाटों पर देव दीपावली मनाई जाएगी। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ , केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे। पर्यटन विभाग […]

You May Like

सीएम योगी की मौजूदगी में काशी में सजेगा भव्य दीपोत्सव....|....अब एक ट्रैक पर राम-जानकी की नगरी....|....मोनालिसा: पिंक आउटफिट में भोजपुरी अभिनेत्री ने दिए शानदार पोज....|....महिलाओं के शरीर में कैल्शियम की कमी के दिखते हैं ये शुरुआती संकेत....|....वेलिंगटन टेस्ट: 2014 के बाद बेसिन रिजर्व में सिर्फ दूसरा मुकाबला ड्रॉ....|....सऊदी के अहम ठिकानों पर हूती का हमला जारी....|....ट्रंप ने एनवीडिया में हुआंग की वापसी का फिर किया समर्थन....|....पटवारियों को समस्या निराकरण की गारंटी देने वाले अब दमन पर उतर आये उनकी मांग जायज तत्काल पूरा करे - कांग्रेस....|....प्रदेश का आदिवासी समाज यूसीसी के खिलाफ है - दीपक बैज....|....IFFI 2026 में अभिषेक बनर्जी का डबल धमाका, ‘बनारस’ और ‘पुष्पक विमान’ की होगी भव्य स्क्रीनिंग