पता चलेगा दस लाख साल पुराना इतिहास

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

भोपाल, 23 नवंबर 2026। लाखों साल पहले धरती पर इंसान कैसे रहता था, उस समय पर्यावरण कैसा था और जलवायु में क्या बदलाव हुए थे, अब इन सवालों के जवाब वैज्ञानिक जांच से मिल सकेंगे। भोपाल में प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू हो गई है। यहां मिट्टी, खनिज और पुरातात्विक स्थलों से मिले अवशेषों की उम्र का पता लगाया जा सकेगा। इस तकनीक से करीब 10 लाख साल तक पुराने नमूनों का काल निर्धारण संभव है। खास बात यह है कि इस प्रयोगशाला में जांच के लिए पूरी तरह अंधेरा रखा जाता है और वैज्ञानिक लाल रोशनी में नमूनों का परीक्षण करते हैं। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के नाम पर स्थापित इस प्रयोगशाला का सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. वाकणकर के जीवन, शोध और उपलब्धियों पर आधारित विशेष गैलरी भी शुरू की गई है। इससे प्रदेश में पुरातत्व, भूविज्ञान और प्राचीन पर्यावरण के अध्ययन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इस प्रयोगशाला की सबसे बड़ी खासियत इसकी जांच प्रक्रिया है। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद में रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के मुताबिक, यहां सेडिमेंट यानी मिट्टी की परतों और उनमें मौजूद खनिजों की उम्र का आकलन किया जाता है। इसके लिए प्रयोगशाला में अंधेरा रखा जाता है। सामान्य रोशनी के बजाय हल्की लाल रोशनी में वैज्ञानिक नमूनों की जांच करते हैं। विशेष मशीनों और वैज्ञानिक तकनीक की मदद से यह पता लगाया जाता है कि संबंधित नमूना कितने हजार या लाख साल पुराना है। इस तकनीक का इस्तेमाल पुरातत्व और भूविज्ञान के साथ दूसरे शोध क्षेत्रों में भी किया जा सकता है। इससे किसी पुरातात्विक स्थल की उम्र निर्धारित करने और वहां मिले साक्ष्यों को ऐतिहासिक समयक्रम से जोड़ने में मदद मिलेगी।

प्रयोगशाला का महत्व केवल पुरानी वस्तुओं की उम्र पता लगाने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए लाखों साल पहले के पर्यावरण और जलवायु में हुए बदलावों का भी अध्ययन किया जा सकेगा। वैज्ञानिक नमूनों की उम्र निर्धारित करने के बाद उन्हें उस दौर की पर्यावरणीय परिस्थितियों से जोड़कर देख सकेंगे। इससे पता चलेगा कि अलग-अलग समय में जलवायु कैसी थी, धरती पर क्या बदलाव हुए और मानव जीवन किन परिस्थितियों में विकसित हुआ। रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के अनुसार, इस प्रयोगशाला में प्राप्त होने वाले आंकड़ों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के अध्ययन से भी जोड़ा जाएगा। इससे प्राचीन भूगर्भीय घटनाओं और मानव इतिहास को समझने में मदद मिलेगी।

प्रयोगशाला के साथ शुरू हुई डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी में उनके जीवन और पुरातात्विक योगदान की झलक दिखाई देगी। इसमें उनके बनाए चित्रों की प्रतिकृतियां, प्रकाशित पुस्तकें, शोध साहित्य और भारतीय कला भवन उज्जैन से प्रकाशित सामग्री रखी गई है।

पद्मश्री पुरातत्ववेत्ता डॉ. नारायण व्यास ने बताया कि डॉ. वाकणकर के साथ काम करने के दौरान उनसे जुड़ी कई यादें और सामग्री उन्होंने सुरक्षित रखी थीं। इनमें आदिमानव के बनाए पत्थर के छोटे-बड़े औजार, हैंड एक्स, क्लीवर और पत्थर की कुल्हाड़ी भी शामिल हैं। इन वस्तुओं को भी गैलरी में प्रदर्शित किया गया है। डॉ. व्यास के मुताबिक, उन्होंने डॉ. वाकणकर के साथ भीमबेटका और भोपाल के आसपास पुरातात्विक सर्वेक्षण एवं शोध कार्य किया था। गैलरी में इन वस्तुओं को रखने का उद्देश्य नई पीढ़ी को डॉ. वाकणकर के काम और प्राचीन मानव सभ्यता के साक्ष्यों से परिचित कराना है।

मध्य प्रदेश में इस तरह की पहली प्रयोगशाला स्थापित होने से यहां के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और वैज्ञानिकों को नमूनों की जांच के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस प्रयोगशाला में देश के अलग-अलग हिस्सों से नमूने लाकर भी जांच कराई जा सकेगी। डॉ. नारायण व्यास के मुताबिक, देश में इस तरह की प्रयोगशालाएं पहले से मौजूद हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में इसकी शुरुआत शोध के लिए महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में यहां कार्बन डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित करने की भी योजना है।

प्रयोगशाला के शुभारंभ के अवसर पर ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Next Post

इंदौर में ऑनलाइन बिजली बिल भरने में उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी

शेयर करेऐप नहीं कर रहा काम छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           इंदौर, 23 नवंबर 2026।  इंदौर में सरकारी विभागों ने ऑनलाइन बिल जमा करने की सुविधा तो दे रखी है, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते उनके ऐप और वेबसाइट ठीक से काम नहीं करते हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है। इंदौर […]

You May Like

इंदौर में ऑनलाइन बिजली बिल भरने में उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी....|....पता चलेगा दस लाख साल पुराना इतिहास....|....तेज हवाओं के बावजूद प्रदूषण से नहीं राहत....|....सीएम योगी की मौजूदगी में काशी में सजेगा भव्य दीपोत्सव....|....अब एक ट्रैक पर राम-जानकी की नगरी....|....मोनालिसा: पिंक आउटफिट में भोजपुरी अभिनेत्री ने दिए शानदार पोज....|....महिलाओं के शरीर में कैल्शियम की कमी के दिखते हैं ये शुरुआती संकेत....|....वेलिंगटन टेस्ट: 2014 के बाद बेसिन रिजर्व में सिर्फ दूसरा मुकाबला ड्रॉ....|....सऊदी के अहम ठिकानों पर हूती का हमला जारी....|....ट्रंप ने एनवीडिया में हुआंग की वापसी का फिर किया समर्थन