पुलिस खंगाल रही चैट व पोस्ट

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
सिंगरौली, 02 अक्टूबर 2026। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में कथित प्रेमी सोनू सिंह का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसके स्थायी पते और वर्तमान ठिकाने की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोनू सिंह के स्थायी पते को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि निधि तिवारी और सोनू सिंह के बीच कितने समय से संपर्क था और दोनों के बीच किस तरह का संबंध था।
घटना से पहले और बाद में सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सोनू सिंह की सही जानकारी और उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। गौरतलब है कि निधि तिवारी ने घटना से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया था। पुलिस इस पोस्ट की भी बारीकी से जांच कर रही है। इसके अलावा मृतका के मोबाइल फोन से मिले चैट और संदेशों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के जरिए घटना से पहले की परिस्थितियों और संपर्कों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
बता दें निधि तिवारी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ ही यूट्यूब पर भी सक्रिय थीं और ब्लॉगिंग करती थीं। हालांकि वे अपने यूट्यूब चैनल पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहती थीं, फिर भी उनके करीब 34 हजार सब्सक्राइबर बताए जा रहे हैं। निधि ने अपने चैनल पर आखिरी वीडियो 21 सितंबर को अपलोड किया था। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अलग-अलग लोगों के बयान दर्ज कर रही है और उपलब्ध डिजिटल एवं अन्य साक्ष्यों का आपस में मिलान कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


