‘सचिन-सचिन…’ के नारों से गूंज उठते थे स्टेडियम, कई रिकॉर्ड अब भी कायम

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 16 नवंबर 2026।भारतीय क्रिकेट में नई ऊर्जा भरने वाले पूर्व सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 13 साल पहले आज ही के दिन क्रिकेट से संन्यास लिया था। सचिन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के बाद क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह दिया था। इस तरह सचिन के 24 वर्षों का क्रिकेट सफर थम गया था। सचिन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए लंबा समय हो चला है, लेकिन अभी भी जब कभी उनकी झलक दिख जाती है तो पूरा स्टेडियम ‘सचिन… सचिन’… के शोर से गूंज उठता है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन के भारत सहित दुनियाभर में करोड़ों फैंस हैं जो अपने चहेते क्रिकेटर को खेलता देखने के लिए बेताब रहते थे।
वानखेड़े की मिट्टी को माथे पर लगाया
सचिन ने जिस मैदान पर क्रिकेट का ‘ककहरा’ सीखा उसी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की मिट्टी को माथे पर लगाकर उन्होंने इस खेल से संन्यास ले लिया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी दिन टेस्ट सीरीज जीतने के साथ ही मास्टर-ब्लास्टर ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। जितना शानदार और बेदाग सचिन का करियर रहा उतना ही भावुक और ऐतिहासिक उनका विदाई भाषण भी था। सचिन भले ही अब प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में नहीं खेलते हैं, लेकिन उनके ऐसे कई रिकॉर्ड हैं जो अब तक कोई नहीं तोड़ सका है।
शतकों का शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी
सचिन ने अपने करियर में सभी प्रारूप मिलाकर कुल 100 शतक जड़े हैं। वह दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने शतकों का शतक लगाया है। उनसे पीछे भारत के विराट कोहली हैं जो अब तक 86 शतक लगा चुके हैं, लेकिन सचिन और कोहली के बीच फासला 14 शतकों का है। तीसरे नंबर पर सचिन के जमाने में ही खेलने वाले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रिकी पोंटिंग हैं जिन्होंने 71 शतक लगाए हैं।
टेस्ट में बनाए हैं सर्वाधिक रन
भारत के लिए 200 टेस्ट मैच खेलने वाले सचिन ने खेल के इस लंबे प्रारूप में 15921 रन बनाए हैं जो एक रिकॉर्ड है। सचिन ने कई साल पहले ही 15000 के आंकड़े को पार कर लिया था। सचिन ने टेस्ट में 51 शतक जड़े हैं और फिलहाल किसी भी खिलाड़ी के नाम टेस्ट में इतने ज्यादा शतक नहीं हैं। 16 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने वाले सचिन ने अपने लंबे करियर में 200 टेस्ट मैच खेले जो अपने आप में एक विशेष उपलब्धि है। उनके करीब इस मामले में सिर्फ इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन हैं जिन्होंने 188 टेस्ट मैच खेले हैं।
वनडे में भी हैं सबसे आगे
सचिन ना सिर्फ टेस्ट बल्कि वनडे में भी रन बनाने के मामले में अन्य सभी बल्लेबाजों से आगे हैं। मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर सचिन ने अपने वनडे करियर में 18426 रन बनाए। सचिन ने अपने करियर में कुल 463 वनडे वनडे खेले और उन्होंने करियर का आखिरी वनडे मैच पाकिस्तान के खिलाफ मीरपुर में 18 मार्च 2012 को खेला था। दिलचस्प बात यह है कि सचिन ने 18 दिसंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ ही अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। सचिन इस प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज थे।
सर्वाधिक बार वनडे विश्व कप खेले
सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में कुल छह वनडे विश्व कप में हिस्सा लिया। वह सर्वाधिक बार इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ी हैं। सचिन के अलावा पाकिस्तान के जावेद मियांदाद ने भी अपने करियर में कुल इतनी ही बार विश्व कप खेला था। सचिन 1992, 1996, 1999, 2003, 2007 और 2011 वनडे विश्व कप टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने अपने करियर के आखिरी विश्व कप में इस ट्रॉफी को जीता। सचिन के लिए विश्व कप जीतना सबसे बड़ी उपलब्धि है और खास बात यह रही कि मास्टर ब्लास्टर ने अपने होम ग्राउंड वानखेड़े पर ही इस ट्रॉफी को अपने हाथों में उठाया।

