घर पर फुल बॉडी वर्कआउट से मिलेंगे कई फायदे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 16 नवंबर 2026। शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए खान-पान पर ध्यान देना तो जरूरी है ही साथ ही नियमित व्यायाम भी बहुत जरूरी है। हालांकि आजकल की व्यस्त जीवनशैली में लोगों के लिए व्यायाम का समय निकालना मुश्किल होता जा रहा है। घंटों एक जगह बैठकर काम करना, शारीरिक गतिविधियों की कमी और अनियमित दिनचर्या के कारण कम उम्र में ही कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है।
नियमित व्यायाम न सिर्फ शरीर को फिट रखने में मदद करता है, बल्कि इससे हृदय रोग, डायबिटीज, मोटापा और लिवर से जुड़ी समस्याओं का जोखिम भी कम करने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावा शारीरिक गतिविधियां मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को फिट रखने के लिए हर दिन जिम जाना जरूरी नहीं है। अगर आप काम की व्यस्तता के कारण जिम नहीं जा पाते हैं, तो घर पर ही कुछ आसान एक्सरसाइज करके पूरे शरीर को एक्टिव रख सकते हैं। इसके लिए आपको महंगे उपकरणों या बहुत अधिक जगह की भी जरूरत नहीं होती।
जंपिंग जैक से बढ़ाएं स्टैमिना
जंपिंग जैक एक आसान कार्डियो एक्सरसाइज है, जिसे घर पर बिना किसी उपकरण के किया जा सकता है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हों और पैरों को एक साथ रखें। अब उछलते हुए पैरों को बाहर की तरफ फैलाएं और दोनों हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं। फिर वापस शुरुआती स्थिति में आ जाएं। इस अभ्यास को लगातार 20-30 सेकंड तक कर सकते हैं। इससे हृदय गति बढ़ती है, कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है। इससे शरीर की सहनशक्ति भी बेहतर होती है।
बॉडीवेट स्क्वाट से मजबूत होती हैं मांसपेशियां
स्क्वाट एक आसान लेकिन प्रभावी एक्सरसाइज है, जो शरीर के निचले हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करती है। इसे करने के लिए पैरों को कूल्हों की चौड़ाई के बराबर खोलकर सीधे खड़े हो जाएं। अब घुटनों को धीरे-धीरे मोड़ते हुए इस तरह नीचे बैठें, जैसे कुर्सी पर बैठ रहे हों। ध्यान रखें कि पीठ सीधी रहे और जांघें फर्श के समानांतर आने की कोशिश करें।
- इस अभ्यास को अपनी क्षमता के अनुसार 30 सेकंड के तीन से चार सेट में कर सकते हैं। इससे पैरों, कूल्हों और कोर की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है।
पुश-अप्स से बढ़ाएं शरीर की ताकत
- पुश-अप्स को सिर्फ छाती की मांसपेशियों के लिए ही उपयोगी नहीं माना जाता। यह शरीर के ऊपरी हिस्से के साथ कोर की मांसपेशियों को भी सक्रिय करता है। इसके नियमित अभ्यास से हाथों, कंधों और छाती की ताकत बढ़ाने तथा शरीर का पोस्चर बेहतर रखने में मदद मिल सकती है। इसे घर पर बिना किसी उपकरण के आसानी से किया जा सकता है।
ग्लूट ब्रिज से मजबूत बनाएं कमर और कूल्हे
ग्लूट ब्रिज का अभ्यास शरीर के निचले हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद करता है। इसे करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल मैट पर लेट जाएं और घुटनों को मोड़कर पैरों को जमीन पर रखें। अब पेट की मांसपेशियों को सक्रिय रखते हुए कूल्हों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं। कुछ सेकंड इसी स्थिति में रुकें और फिर धीरे-धीरे नीचे आ जाएं। इसके 10-12 दोहराव कर सकते हैं। इससे कूल्हों, जांघों और कोर की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है।


