पेट का इन्फेक्शन कहीं बन न जाए कैंसर?

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर 2026।  पेट में दर्द-गैस, अपच जैसी समस्याएं बहुत कॉमन हैं। लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी के कारण ऐसी परेशानियां हो सकती हैं, जिसपर अक्सर लोग बहुत कम ध्यान देते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि कई बार ऐसी छोटी-छोटी दिक्कतों को अनदेखा करना आगे चलकर बड़ी और गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है?

नोबेल पुरस्कार विजेता और मशहूर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. बैरी मार्शल ने इस तरह की दिक्कतों को लेकर लोगों को सावधान किया है। उन्होंने कहा, पेट की आम सी लगने वाली समस्याएं कई बार हेलिकोबैक्टर पायलोरी (एच. पाइलोरी) संक्रमण का संकेत भी हो सकती हैं। इसलिए यदि कोई भी समस्या लगातार परेशान कर रही है तो उसे अनदेखा नहीं करना चाहिए।  डॉ. बैरी मार्शल ने कहा है कि यदि शुरुआती चरणों में ही पेट के भीतर एच.पाइलोरी इन्फेक्शन की पहचान करके उसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाए, तो पेट के कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को होने से पहले ही रोका जा सकता है। नई दिल्ली में आयोजित ‘वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी’ में शामिल होने भारत आए डॉ. बैरी मार्शल ने कार्यक्रम के दौरान ये जरूरी सलाह दी है।

एच.पाइलोरी संक्रमण से कैंसर का खतरा

गौरतलब है कि डॉ. बैरी मार्शल ने साल 2005 में रॉबिन वारेन के साथ मिलकर नोबेल पुरस्कार जीता था। उन्होंने ही दुनिया को बताया था कि पेट में अल्सर (घाव) और सूजन एसिडिटी की वजह से नहीं, बल्कि एच पाइलोरी बैक्टीरिया के कारण होते हैं। डॉ. मार्शल के मुताबिक, यदि यह इन्फेक्शन पेट में कई वर्षों तक बना रहे, तो यह पेट के भीतर ‘क्रॉनिक इन्फ्लेमेशन’ (लगातार सूजन) पैदा करता है, जो आगे चलकर गैस्ट्रिक कैंसर का रूप ले लेती है। हालांकि अगर समय रहते लक्षणों की पहचान करके इसका इलाज कर दिया जाए तो पेट के कैंसर जैसे गंभीर खतरे को कम किया जा सकता है। अब सवाल ये है कि आखिर यह बैक्टीरिया शरीर में कैसे पहुंचता है, कितना खतरनाक है और इससे बचने के लिए क्या किया जा सकता है?

हेलिकोबैक्टर पाइलोरी संक्रमण के बारे में जानिए

हेलिकोबैक्टर पाइलोरी या एच. पाइलोरी एक प्रकार का बैक्टीरिया है, जो पेट की अंदरूनी परत में संक्रमण पैदा करता है। यह दुनियाभर में बेहद आम संक्रमण में से एक है। कई लोगों में संक्रमण के बावजूद कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते।

  • कुछ लोगों में यह लंबे समय तक गैस्ट्राइटिस, पेट में जलन, दर्द या अपच की वजह बन सकता है। 
  • एच. पाइलोरी संक्रमण पेप्टिक अल्सर को भी बढ़ाने वाला हो सकता है। पेप्टिक अल्सर के कारण पेट या डुओडेनम (छोटी आंत के पहले हिस्सा) की परत में दर्दनाक घाव हो सकता है।
  • सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि लंबे समय तक बना रहने वाला संक्रमण पेट की कोशिकाओं में बदलाव करके कुछ लोगों में आगे चलकर पेट के कैंसर का जोखिम बढ़ाने वाला भी पाया गया है।

एच. पाइलोरी संक्रमण क्यों होता है?
 

एच. पाइलोरी संक्रमण आमतौर पर संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचता है। दूषित भोजन या पानी, स्वच्छता में कमी और संक्रमित व्यक्ति की उल्टी के संपर्क में आने से ये दूसरे लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है।
 

  • यह बैक्टीरिया लार, मल और दांतों पर जमी प्लाक में पाया जा सकता है। 
  • यदि कोई व्यक्ति शौच करने के बाद अपने हाथ अच्छी तरह नहीं धोता और उसके हाथों के माध्यम से यह बैक्टीरिया दूसरे व्यक्ति तक पहुंचकर संक्रमण फैल सकता है।



संक्रमण से बचाव कैसे करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, एच. पाइलोरी संक्रमण से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई, साफ पीने का पानी और स्वच्छ भोजन महत्वपूर्ण है। 

  • खाना खाने और टॉयलेट के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथ धोना चाहिए। भोजन को अच्छी तरह पकाकर खाएं और दूषित पानी से बचना भी जरूरी है।
  • यदि जांच में एच. पाइलोरी संक्रमण की पुष्टि होती है, तो डॉक्टर आमतौर पर बैक्टीरिया को खत्म करने के लिए एंटीबायोटिक और कुछ दूसरी जरूरी दवाएं दे सकते हैं।
  • जिन लोगों को एच. पाइलोरी का इन्फेक्शन है, उन्हें पेट की अंदरूनी परत में जलन पैदा करने या पाचन को धीमा करने वाली चीजों से बचाव की सलाह दी जाती है।
  • मसालेदार, एसिडिक और ज्यादा फैट वाली चीजें पेट के लिए दिक्कतें और बढ़ा सकती हैं, इसलिए इनसे बचाव करना जरूरी माना जाता है।

Leave a Reply

You May Like

पेट का इन्फेक्शन कहीं बन न जाए कैंसर?....|....रणथंभौर में सफारी नियम तोड़ना पड़ा भारी....|....साइकिल के पैडल से गूंज रहा प्रकृति बचाने का संदेश....|....इंदौर में हंगामे और पथराव के बीच ढाई सौ से ज्यादा बाधक निर्माण हटाए....|....सागर में 50 साल से बन रही दुर्गा प्रतिमाएं, देशभर में रहती है डिमांड....|....दुर्गम क्षेत्रों में जाकर लोगों की सेवा करें डॉक्टर: राष्ट्रपति....|....लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में लगी भीषण आग, दो मजदूर झुलसे....|....'ज्ञानेश भाई हो गया, अब इस्तीफा देने का समय'....|....17 साल बाद होगा फोर्ट हूड कांड का अंत....|....बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक, प्रदेश की बिगड़ चुकी है कानून व्यवस्था - कांग्रेस