मराठा आरक्षण पर सियासत तेज

admin
शेयर करे

मनोज जरांगे ने फिर शुरू की भूख हड़ताल, सीएम फडणवीस को बताया दुश्मन?

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

छत्रपति संभाजीनगर, 29 अगस्त 2026। मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने शनिवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से पहले से चिन्हित 58 लाख कुनबी रिकॉर्ड के आधार पर मराठा समुदाय के लोगों को तुरंत जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समुदाय सरकार को इस मामले में अब और समय नहीं देगा। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में पत्रकारों से बातचीत में जरांगे ने कहा कि यह उनका अंतिम आंदोलन होगा।  उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर मराठा समुदाय के प्रति दुश्मनी रखने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उन्हें चुपचाप समर्थन दे रहे हैं। मनोज जरांगे ने जाति सत्यापन समिति को खत्म करने की भी मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार आरक्षण से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का समाधान नहीं करती है तो वह मुंबई में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘वर्षा’ की ओर मार्च करेंगे।

फडणवीस और शिंदे पर लगाए आरोप?
मनोज जरांगे ने कहा, ”देवेंद्र फडणवीस जानबूझकर मराठा समुदाय के प्रति दुश्मनी रख रहे हैं और एकनाथ शिंदे सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के जरिए उन्हें गुप्त समर्थन दे रहे हैं। अगर वे हमारे मुद्दों का समाधान नहीं करते हैं तो हम मुंबई में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘वर्षा’ की ओर मार्च करेंगे। अगर सरकार का प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए आता है तो हम उससे बात करेंगे, लेकिन उसे ठोस समाधान के साथ आना होगा।” जरांगे ने मराठा समुदाय के पात्र लोगों को कुनबी के रूप में मान्यता देने की मांग को लेकर कई आंदोलन किए हैं। कुनबी एक कृषि समुदाय है, जिसे अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी के तहत शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ मिलता है। उन्होंने कहा, ”सरकार को 58 लाख कुनबी रिकॉर्ड के आधार पर मराठा समुदाय के लोगों को तुरंत जाति प्रमाणपत्र जारी करने चाहिए। समुदाय सरकार को इसके लिए अब और समय नहीं देगा।”

मनोज जरांगे ने की क्या मांगें?
उन्होंने राज्य सरकार से सातारा गजट के आधार पर आरक्षण देने की भी मांग की। उन्होंने महाराष्ट्र में आरक्षण आंदोलन से जुड़े प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी पुलिस मामले वापस लेने की मांग की। उन्होंने पिछले आंदोलनों के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकारी नौकरी और आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग की। जरांगे ने मराठा और कुनबी समुदायों के लिए अलग राज्य स्तरीय विभाग बनाने और उसमें तत्काल कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने अन्नासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल के माध्यम से दिए गए कर्ज पर ब्याज की राशि जारी करने और लंबित सारथी छात्रवृत्तियां जारी करने की भी मांग की।

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता ने लगाया पक्षपात का आरोप
उन्होंने सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग कोटे के तहत चयनित उम्मीदवारों को तत्काल नियुक्ति पत्र देने की मांग भी की। व्यवस्था में पक्षपात का आरोप लगाते हुए जरांगे ने कहा, ”यह सरकार नहीं चाहती कि मराठा समुदाय आगे बढ़े। मैंने अपने लोगों से कहा है कि वैध ऐतिहासिक रिकॉर्ड मिल चुके हैं, लेकिन प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार अब भी ऐसे अधिकारियों के पास है, जो समुदाय की प्रगति से ईर्ष्या करते हैं।”

राज्य में न हो जाति सत्यापन की कोई प्रक्रिया
जरांगे ने आगे आरोप लगाया कि अधिकारी वैध दावों को मनमाने तरीके से खारिज कर रहे हैं। उन्होंने जाति सत्यापन समिति को खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा, ”सरकार दस्तावेजी सबूतों को तब भी खारिज करके हमें प्रमाणपत्र देने से रोकने की कोशिश कर रही है, जब वे रिकॉर्ड से मेल खाते हैं। राज्य में जाति सत्यापन की कोई प्रक्रिया नहीं होनी चाहिए। दूसरे राज्यों में तहसीलदार और उप-विभागीय अधिकारी प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार रखते हैं, तो यहां अलग सत्यापन समिति की जरूरत क्यों है? कानून एक समान होना चाहिए।” जरांगे ने समुदाय के लोगों से आंदोलन का समर्थन करने के लिए बाहर निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जाति प्रमाणपत्र या वैधता दस्तावेज हासिल करने में देरी या अस्वीकृति का सामना करना पड़ रहा है, वे अंतरवाली सराटी में आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में शामिल हों।

Leave a Reply

Next Post

प्रयागराज में तेजी से बढ़ रहा गंगा-यमुना का जलस्तर

शेयर करेचेतावनी बिंदु के नजदीक पहुंच रहीं नदियां छत्तीसगढ़ रिपोर्टर प्रयागराज, 29 अगस्त 2026। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दोनों नदियां चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने लगी हैं, जिससे तटवर्ती इलाकों और […]

You May Like

हिमाचल की ग्लेशियर झीलें बनीं टाइम बम....|....नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन अंतरराज्यीय चिट्टा तस्कर गिरफ्तार....|....कटनी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में होगा आधुनिकीकरण....|....यूरोप भेजने के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की ठगी....|....सिरफिरे आशिक और प्रेमिका ने चौकीदार की हत्या की....|....ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें....|....प्रयागराज में तेजी से बढ़ रहा गंगा-यमुना का जलस्तर....|....मराठा आरक्षण पर सियासत तेज....|....'महिलाओं के लिए हो रहे काम पर पानी फिर जाता है'....|....कानपुर प्लेन क्रैश: ‘ईंधन आपूर्ति बंद या एयर फ्लेम सिस्टम फेल?