डॉक्टर ने बताया कब गर्म और कब ठंडे सेकाई की जरूरत

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026। सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। हवा में ठंडक और शुष्की बढ़ने के साथ अस्थमा, सांस की दूसरी परेशानियां तो बढ़ती ही हैं साथ ही इस मौसम में कई लोगों को घुटनों में दर्द और अकड़न की समस्या भी परेशान करने लग जाती है। सुबह बिस्तर से उठना हो, सीढ़ियां चढ़ना या लंबे समय तक बैठने के बाद घुटनों में तेज दर्द महसूस हो सकता है। ऐसे में राहत पाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते हैं।
घुटनों में दर्द होने पर सेकाई करने की भी सलाह दी जाती है। इसके लिए कोई गर्म पानी की बोतल से सेकाई करता है, तो कोई ठंडे तैलिए से। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर्म और ठंडी सेकाई का काम अलग-अलग होता है? गलत तरीके पर सेकाई करने से दर्द या सूजन बढ़ भी सकती है।फिजियोथेरेपिस्ट डॉ आमिर हुसैन बताते हैं, आमतौर पर गर्म सेकाई मांसपेशियों और जोड़ों की अकड़न दूर करने, जबकि ठंडी सेकाई चोट के बाद होने वाली सूजन और दर्द को कम करने के लिए इस्तेमाल में लाई जाती है। इसलिए घुटनों में दर्द होने पर यह समझना जरूरी है कि कब गर्माहट देनी चाहिए और कब ठंडक।
पहले जानिए गर्म सेकाई कब करें?
अगर घुटनों में लंबे समय से दर्द रहता है, सुबह उठते ही अकड़न महसूस होती है या देर तक बैठने के बाद घुटने चलाने में परेशानी होती है, तो गर्म सेकाई से राहत मिल सकती है। ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसे जोड़ों के दर्द में गर्माहट मांसपेशियों को आराम देने और अकड़न कम करने में मदद कर सकती है।
- इसके लिए गर्म पानी की बोतल, हीटिंग पैड या गर्म तौलिये का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- गर्म सेकाई मांसपेशियों और जोड़ों की अकड़न कम करने में मदद करती है।
- ये प्रभावित हिस्से में रक्त प्रवाह बढ़ाती है।
- सुबह उठने या लंबे समय तक बैठने के बाद घुटनों को चलाने में आसानी हो सकती है।
ठंडी सेकाई कब करें?
अगर घुटने में अचानक दर्द शुरू हुआ है, एक्सरसाइज के दौरान चोट लगी है या घुटने में सूजन आ गई है, तो ठंडी सेकाई ज्यादा उपयोगी हो सकती है। ठंडक प्रभावित हिस्से में सूजन और दर्द को कम करने में मदद करती है।
- ठंडी सेकाई चोट के बाद होने वाली सूजन कम करने में मदद करती है। इससे दर्द और असहजता में भी आराम मिलता है। प्रभावित हिस्से में सूजन को बढ़ने से रोकने में भी ये फायदेमंद मानी जाती है। एक्सरसाइज या शारीरिक गतिविधि के बाद दर्द में आराम के लिए भी आप ठंडी सेकाई कर सकते हैं।
ठंडी सेकाई के लिए बर्फ के टुकड़ों को किसी साफ तौलिये में लपेटें या आइस पैक का इस्तेमाल करें। बर्फ को सीधे त्वचा पर नहीं रखना चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
डॉ. कहते हैं, अगर घुटने में तेज दर्द हो, बहुत ज्यादा सूजन आ जाए या फिर घुटना लाल या गर्म हो तो डॉक्टर से इसकी जांच कराएं। सेकाई दर्द में अस्थायी राहत देती है, लेकिन दर्द के असली कारण को ठीक नहीं करती है। चोट या फ्रैक्चर जैसी स्थितियों में समय रहते जांच और इलाज जरूर है इसलिए घुटनों में दर्द के कारणों को समझने के लिए डॉक्टर की सहायता जरूर लें।


