स्पेसएक्स को 10 लाख उपग्रह छोड़ने की मंजूरी

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
टेक्सास, 26 नवंबर 2026। अंतरिक्ष में अब सिर्फ इंसान और उपग्रह ही नहीं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बड़े-बड़े डेटा सेंटर भी नजर आएंगे। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने अंतरिक्ष में 10 लाख तक उपग्रह तैनात करने की मंजूरी दी है। इन उपग्रहों की मदद से अंतरिक्ष में ही डेटा सेंटर बनाए जाएंगे, जहां एआई से जुड़े जटिल काम किए जा सकेंगे। इस परियोजना का नाम ‘स्टारमाइंड’ रखा गया है। इसका मकसद तेजी से बढ़ती एआई की जरूरतों को पूरा करना है।
सूरज की रोशनी से चलेंगे अंतरिक्ष के डेटा सेंटर
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि अंतरिक्ष में मौजूद उपग्रह सूरज की रोशनी से ऊर्जा हासिल करेंगे। इसी बिजली से उनमें लगे कंप्यूटर और एआई सिस्टम काम करेंगे। इन उपग्रहों पर बड़ी मात्रा में डेटा का विश्लेषण किया जाएगा और फिर जरूरी जानकारी धरती पर भेजी जाएगी। इससे जमीन पर बड़े-बड़े डेटा सेंटर बनाने की जरूरत कुछ हद तक कम हो सकती है। साथ ही बिजली और ठंडा रखने पर होने वाला खर्च भी घटने की उम्मीद है।
अमेरिका ने बताया बड़ी तकनीकी उपलब्धि
एफसीसी के अध्यक्ष ब्रेंडन कार ने इस फैसले को अमेरिका के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस यानी अति विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में दुनिया की अगुवाई कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में देश इस तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग की क्षमता विकसित करने से निवेश बढ़ेगा, नई संभावनाएं पैदा होंगी और अमेरिकी अर्थव्यवस्था को फायदा मिलेगा। कार के मुताबिक, एआई के क्षेत्र में दुनिया में आगे बने रहने के लिए बड़े डेटा सेंटर बेहद जरूरी हैं। अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग की व्यवस्था तैयार होने से अमेरिका को अपनी अंतरिक्ष और आधुनिक तकनीक की ताकत का एक साथ इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।
डेटा भेजने और उपग्रहों को नियंत्रित करने की व्यवस्था
एफसीसी की मंजूरी में उपग्रहों के बीच संपर्क और उन्हें नियंत्रित करने की व्यवस्था भी शामिल है। स्पेसएक्स अपने उपग्रहों के बीच मुख्य रूप से ऑप्टिकल यानी प्रकाश किरणों पर आधारित नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेगी। इसके अलावा रेडियो फ्रीक्वेंसी लिंक भी उपलब्ध रहेंगे। अगर मुख्य नेटवर्क में कोई दिक्कत आती है, तो इनका इस्तेमाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर किया जा सकेगा।
इसके जरिए उपग्रहों की निगरानी, उनकी स्थिति की जानकारी और जरूरी निर्देश भेजने का काम भी होगा। एफसीसी ने 18.8 से 19.3 गीगाहर्ट्ज डाउनलिंक और 28.6 से 29.1 गीगाहर्ट्ज अपलिंक बैंड के इस्तेमाल की भी अनुमति दी है।
2033 से शुरू करना होगा उपग्रह तैनात करने का काम
एफसीसी ने स्पेसएक्स के सामने उपग्रह तैनात करने के लिए समयसीमा भी तय की है। कंपनी को नवंबर 2033 तक इस परियोजना के तहत उपग्रह भेजने का काम शुरू करना होगा। इसके बाद नवंबर 2035 तक अधिकतम मंजूर संख्या के 10 फीसदी यानी एक लाख उपग्रह तैनात करने होंगे। वहीं, नवंबर 2038 तक कुल संख्या के 50 फीसदी उपग्रह अंतरिक्ष में पहुंचाने की शर्त रखी गई है।
क्या धरती के डेटा सेंटर का विकल्प बन सकेगा अंतरिक्ष?
एआई के बढ़ते इस्तेमाल के साथ डेटा सेंटर की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। इन केंद्रों को चलाने के लिए भारी मात्रा में बिजली और उन्हें ठंडा रखने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा जमीन और बुनियादी ढांचे पर भी काफी खर्च होता है। अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा की उपलब्धता का फायदा उठाकर इन चुनौतियों को कम करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना आसान नहीं होगा। उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने, उनकी मरम्मत, तापमान नियंत्रित करने और डेटा को धरती तक पहुंचाने जैसी कई चुनौतियां होंगी। इसके बावजूद स्पेसएक्स की यह योजना सफल होती है, तो भविष्य में एआई की दुनिया का बड़ा हिस्सा अंतरिक्ष से संचालित हो सकता है।


