दिल्ली में हर तीसरे दिन फेफड़ों के कैंसर से जा रही है एक जान

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

दिल्ली, 27 नवंबर 2026। दिल्ली की जहरीली हवा के बीच फेफड़ों के कैंसर के लगातार बढ़ रहे आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। दिल्ली के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में बीते साढ़े छह साल में फेफड़ों के कैंसर से अब तक 913 मरीजों की जान जा चुकी है। यानी औसतन हर तीसरे दिन एक मरीज ने इस जानलेवा बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अस्पतालों में इसी अवधि के दौरान फेफड़ों के कैंसर के 6,581 मामले दर्ज हुए हैं। इसका औसत हर महीने करीब 83 नए मरीजों का है।

सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत एम्स, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट से एक जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2026 तक के आंकड़े मांगे गए थे। जानकारी के अनुसार, एम्स, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) और आरएमएल अस्पताल में कुल 6,581 मामले सामने आए। सफदरजंग अस्पताल ने मरीजों की संख्या की जानकारी नहीं दी, लेकिन वहां इस अवधि के दौरान 393 मौतें दर्ज की गईं।

आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मामले एम्स में सामने आए। अस्पताल में जनवरी 2020 से मार्च 2026 तक फेफड़ों के कैंसर के 4,860 मरीज दर्ज किए गए, जबकि 158 मरीजों की मौत हुई। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में जनवरी 2020 से जुलाई 2026 तक 1,613 मामले सामने आए और 354 मरीजों की जान गई। वहीं, आरएमएल अस्पताल में 108 मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हुई। इनमें 47 महिलाएं थीं। यहां आठ मरीजों की मौत दर्ज की गई।

दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के आंकड़े बताते हैं कि फेफड़ों का कैंसर अब महिलाओं के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। संस्थान में करीब साढ़े छह साल के दौरान 351 महिलाओं में इस बीमारी का पता चला। इतना ही नहीं, वर्ष 2021 में दो बच्चों में भी फेफड़ों के कैंसर की पुष्टि हुई। हालांकि, अस्पतालों ने ऐसे मरीजों के अलग-अलग आंकड़े उपलब्ध नहीं कराए, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया था।

वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विकास मौर्य के अनुसार, दिल्ली जैसे प्रदूषित शहरों में लंबे समय तक जहरीली हवा के संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, धूम्रपान और तंबाकू के धुएं के संपर्क में आना भी इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, आनुवांशिक बदलाव भी इसकी वजह बन सकते हैं। डॉ. विकास ने कहा कि फेफड़ों के कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती चरण में इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। जब तक मरीज को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, खांसी के साथ खून आना या बिना किसी वजह के वजन घटने जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तब तक कई मामलों में बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है। ऐसे में समय पर जांच और बीमारी की पहचान बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

You May Like

दिल्ली में हर तीसरे दिन फेफड़ों के कैंसर से जा रही है एक जान....|....पूर्व सांसद की गाड़ी पर हमला, युवक ने ईंट से किया वार....|....ग्राम पंचायतों के कार्यकाल को लेकर सरकार का आदेश जारी....|....सर्दियों में बढ़ जाता है घुटनों का दर्द....|....एलेक्जेंडर ज्वेरेव के नाम बड़ी उपलब्धि....|....क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड का स्कोर 246/5....|....मार्टिन प्रक्कट: 'ऑफिसर ऑन ड्यूटी' के मेकर्स पर केस दर्ज....|....नई सरकार बनाने की कवायद तेज, आइजनकोट को मिला डेमोक्रेट्स का साथ....|....थैंक्सगिविंग पर अमेरिका में तूफान का कहर....|....'दलित का बेटा सीएम, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम'