गुरुद्वारे में टेका माथा; फैंस से भी की मुलाकात

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मुंबई, 04 अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। एक्ट्रेस अब इस फिल्म की रिलीज से पहले पटना पहुंचीं और वहां पटना साहिब गुरुद्वारे में जाकर प्रार्थना की। इस दौरान अभिनेत्री ने शहर में अपने फैंस से भी मुलाकात की।
यामी का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
पटना पहुंचने पर फैंस ने ढोल के साथ गर्मजोशी से यामी गौतम का स्वागत किया। इसके बाद एक्ट्रेस पटना साहिब गुरुद्वारे में आशीर्वाद लेने पहुंचीं।
एथनिक पहने नजर आईं यामी
इस दौरान अभिनेत्री ग्रीन कलर का सूट पहने नजर आईं। कुछ तस्वीरों में यामी गुरुद्वारे के अंदर बैठकर प्रार्थना करती हुई भी दिखाई दीं।
कब रिलीज होगी फिल्म ‘नई नवेली’?
बता दें कि ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। खास बात यह है कि फिल्म दशहरा से पहले रिलीज होगी। ऐसे में इसे कलेक्शन के लिए बाद की छुट्टियों का फायदा मिल सकता है।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
फिल्म में यामी एक नए किरदार में नजर आएंगी। इसमें फैंटेसी, हास्य और एक्शन के साथ परिवार की कहानी को जोड़ा गया है। अभिनेत्री फिल्म में मोहिनी का किरदार निभा रही हैं, जो अवस्थी परिवार की नई बहू है। कहानी की शुरुआत एक नई शादीशुदा महिला के अपने नए घर में घुलने-मिलने से होती है। लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक अलग मोड़ लेती है। अब वह मोड़ क्या होगा यह तो फिल्म देखने के बाद ही समझ आएगा।
किसने किया फिल्म का निर्देशन?
फिल्म में आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि इसका संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।


