सांस लेना तक हो सकता है मुश्किल

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 18 नवंबर 2026। शरीर के सभी अंगों को सही तरीके से काम करने के लिए हमें पर्याप्त ऑक्सीजन की जरूरत होती है। इसके लिए फेफड़ों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। हालांकि जिस तरह से लोगों की जीवनशैली खराब होती जा रही है, इसने कई तरह की बीमारियों के खतरे को काफी बढ़ा दिया है। इसके साथ धूम्रपान, बढ़ता वायु प्रदूषण और कामकाज के दौरान धूल-धुएं के संपर्क में रहने से लोगों के फेफड़ों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। यही वजह है कि फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां अब काफी आम हो गई है।
क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), ऐसी ही एक बीमारी है जिसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार चिंता जता रहे हैं। अब 40 से भी कम उम्र के लोगों को इसका शिकार पाया जा रहा है। सीओपीडी के कारण गंभीर स्थितियों में सही से सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है।
क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज
क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के खतरों के बारे में दुनियाभर में जागरूकता बढ़ाने, इसकी शुरुआती पहचान और सही उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल नवंबर महीने के तीसरे बुधवार को वर्ल्ड सीओपीडी डे मनाया जाता है। इस साल के सीओपीडी डे का थीम है- सांस फूल रही है? कहीं ये सीओपीडी तो नहीं” (Short of Breath? Think COPD)।
हर साल हो रही है लाखों मौतें
सीओपीडी के आंकड़े इसकी गंभीरता को समझने के लिए काफी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के मुताबिक ये दुनियाभर में मौत का तीसरा सबसे बड़ा कारण है।
- इससे वैश्विक स्तर पर हर साल 34 लाख से अधिक लोगों की जान जाती है, जो कुल मौतों का लगभग 6% है।
- इसके 70 प्रतिशत से अधिक मामले तंबाकू और धूम्रपान के कारण होते हैं।
- सीओपीडी में फेफड़ों के वायुमार्ग में सूजन और जलन होने लगती है। इससे सांस के साथ हवा का अंदर-बाहर जाना मुश्किल हो जाता है।
- लंबे समय तक धुएं, धूल और रसायनों के संपर्क में रहने से इसका खतरा बढ़ता है।
कैसे करें इस समस्या की पहचान?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि सीओपीडी की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती दौर में इसके लक्षण आसानी से पहचान में नहीं आते। कई बार फेफड़ों को काफी नुकसान पहुंचने के बाद परेशानी सामने आती है।
- इस बीमारी के कारण आमतौर पर लोगों को शारीरिक गतिविधियों के दौरान सांस फूलने, लगातार बलगम वाली खांसी की दिक्कत होती है।
- सीने में जकड़न, बार-बार फेफड़ों में संक्रमण और बिना वजह वजन कम होना भी कुछ मामलों में इसका संकेत हो सकता है।
- कुछ लोगों में गंध, ठंडी हवा, वायु प्रदूषण के कारण भी सीओपीडी के लक्षण बिगड़ सकते हैं।
धू्म्रपान छोड़ने से कम हो सकता है जोखिम
धूम्रपान इस बीमारी का सबसे प्रमुख कारण है। इसके अलावा कार्यस्थल पर लंबे समय तक रसायनों, धुएं और धूल के संपर्क में रहने से भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचता है।
- अस्थमा से पीड़ित लोगों को अपनी बीमारी को कंट्रोल रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
- गंभीर सीओपीडी से हार्ट अटैक और लंग्स कैंसर जैसी जटिलताओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सीओपीडी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका धूम्रपान से दूरी बनाना है। इसके साथ प्रदूषण, धूल और हानिकारक रसायनों से बचाव करना भी जरूरी है। स्वस्थ दिनचर्या अपनाने से फेफड़ों की सेहत बेहतर रखने में मदद मिलती है और इसके लक्षणों को बढ़ने से रोका जा सकता है।

