अजनार को स्वच्छ बनाने की जिद में ‘बिट्टू तबाही’ बीमार

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

भोपाल, 17 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्थित ब्यावरा के निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही अजनार नदी को स्वच्छ बनाने के अभियान में निरंतर जुटे हुए हैं। इस कार्य के दौरान दूषित जल और गंदगी के सीधे संपर्क में आने से वह त्वचा संक्रमण का शिकार हो गए। नदी की सफाई करते समय उनके हाथों और पैरों में खुजली, दर्द और त्वचा संक्रमण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। इसके बावजूद उनका मनोबल कमजोर नहीं हुआ है। संक्रमण से उबरने के पश्चात उन्होंने अपना यह अभियान जारी रखने का संकल्प जताया है।

सुरेंद्र सिंह चौधरी ने जनवरी, 2026 में अजनार नदी के अत्यधिक प्रदूषित हिस्से को साफ करने का अभियान आरंभ किया था। वह प्रतिदिन स्वयं नदी के पानी में उतरकर कचरा बाहर निकालने का काम कर रहे हैं। नदी के जल में जमा प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं को वह बाहर निकालते हैं। हालांकि उनकी इस निरंतर मेहनत के बाद भी कुछ लोगों द्वारा नदी में बार-बार कचरा फेंकने का सिलसिला बना हुआ है। इसके कारण नदी में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है और सफाई का प्रयास अत्यधिक कठिन हो जाता है।

नदी से कचरा हटाते समय सुरेंद्र सिंह चौधरी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर रहे थे। इसके बाद भी दूषित पानी में रहने और अपशिष्ट पदार्थों के सीधे संपर्क में आने के कारण उनकी त्वचा प्रभावित हो गई। उनके हाथों और पैरों में तेज खुजली के साथ त्वचा संक्रमण फैल गया, जिसके उपचार के लिए उन्हें चिकित्सकों की सलाह पर नियमित दवाएं भी लेनी पड़ीं। अपने संक्रमित हाथों की स्थिति का वीडियो बनाकर उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर साझा किया, ताकि नदी की सफाई के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को उजागर किया जा सके।

इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो साझा किए जाने के बाद लोगों ने बिट्टू तबाही के इस प्रयास की जमकर प्रशंसा की। अनेक लोगों ने उनकी हिम्मत की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इसके साथ ही कई लोगों ने नदी में कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों के प्रति नाराजगी जताई और कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल कुछ लोगों की नहीं बल्कि संपूर्ण समाज की है। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग पांच दिन पहले वह संक्रमण की चपेट में आए थे, लेकिन अब वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

Leave a Reply

You May Like

अजनार को स्वच्छ बनाने की जिद में 'बिट्टू तबाही' बीमार....|....विदेशी मेहमानों को लुभा रहा भारत का डिजिटल भुगतान मॉडल....|....रिक्शा चालक का पैनकार्ड लगा फर्जीवाड़ा....|....धान खरीदी में भाजपा सरकार की तुगलकी नीति, 15 जनवरी के बाद ही डीओ का नियम किसानों और समितियों के साथ धोखा - कांग्रेस....|....आबकारी विभाग के ओवर रेटिंग और वसूली तंत्र की भेंट चढ़ा मैदानी कर्मचारी, यह आत्महत्या नहीं भ्रष्ट सिस्टम द्वारा की गई हत्या है - दीपक बैज....|....शून्य डिग्री में सलमान खान का जुनून! छह घंटे बर्फीले पानी में रहकर की ‘मातृभूमि’ की शूटिंग....|....भारत की रक्षा को मिलेगी इजरायली तकनीक की ताकत, आरआरपी डिफेंस और मैकटेक की बड़ी साझेदारी....|....भगवान बिरसा मुंडा का साहस, संघर्ष और बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा: मुख्यमंत्री साय....|....चीन की चुनौती के लिए टेक्नोलॉजी गठबंधन....|....फिटनेस के लिए नहीं चाहिए महंगे उपकरण