रुद्रप्रयाग में बढ़ा तनाव: नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों का हंगामा जारी, पुलिस और आईटीबीपी तैनात, इंटरनेट बंद

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

रुद्रप्रयाग 21 जून 2026। कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए विवाद के बाद शनिवार को जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारा लंगर धाम साहेब में तनाव की स्थिति बन गई जो अभी तक जारी है। पुलिस और आईटीबीपी की टीमें निहंगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी है, लेकिन वे बाहर आने को तैयार नहीं है। वहीं, क्षेत्र में इंटरनेट सेवा भी बाधित है। पुलिस टीम तीन घंटे से निहंगों मनाने में जुटी है। लेकिन डीएम विशाल मिश्रा और एसपी निहारिका तोमर से दो दौर की वार्ता विफल रही। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य भी निहंगों को मनाने की कोशिश में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निहंगों ने गुरुद्वारे के सेवादार और एक बाबा के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि निहंगों ने एक व्यक्ति को काफी देर तक बंधक बनाए रखा, बाद में छोड़ दिया। घटना के बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके हाथों में पत्थर भी थे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि निहंगों की नाराजगी कर्णप्रयाग में हुई घटना को लेकर थी। उनका आरोप है कि उस मामले में स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं की। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने नगरासू गुरुद्वारे में विरोध जताया। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि उन्होंने गुरुद्वारे में लगे कुछ सूचना पट्ट भी हटा दिए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी के जवान भी तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। रात से अब तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश बलूनी ने बताया कि गुरुद्वारे में आठ लोग मौजूद हैं। इनमें सात निहंग हैं। पुलिस और आईटीबीपी मौके पर तैनात है। उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है।

विवाद को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर होगी कार्रवाई : गृह सचिव

चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान सामने आए एक विवादित प्रकरण में सरकार ने अपना रुख स्पष्ट किया है। मामले में सरकार ने चेतावनी दी है कि इसे सांप्रदायिक रंग देकर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप विस्तृत जांच करेंगे। इस संबंध में शनिवार को गृह सचिव शैलेश बगोली ने बयान जारी किया है। सचिव बगोली ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद और भावनात्मक आवेश से जुड़ा हुआ है। देवभूमि उत्तराखंड की पहचान सभी धर्मों और आस्थाओं के प्रति सम्मान, शांति और सौहार्द की रही है। राज्य सरकार किसी भी स्थिति में इस सामाजिक समरसता को प्रभावित नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए आईजी गढ़वाल को निर्देश दिए गए हैं। सभी पक्षों को सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से पूरे प्रकरण की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी गई है। यात्रियों और श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में संचालित चारधाम सेल को हेमकुंड साहिब यात्रा से भी जोड़ा जाएगा और यात्रा अवधि के दौरान यह व्यवस्था चौबीसों घंटे कार्य करेगी।

गृह सचिव ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर या मामले को सांप्रदायिक रंग देकर राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों की पहचान की जाएगी। अफवाह फैलाने और सामाजिक वैमनस्य बढ़ाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं और नागरिकों से संयम बनाए रखने तथा किसी भी शिकायत के लिए प्रशासनिक और पुलिस तंत्र का सहयोग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Next Post

प्रेमी से कराया बेटे का कत्ल: 'तलाक दे देता तो नहीं जाती मेरे लाल की जान', सऊदी अरब से लौटे पिता का छलका दर्द

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर मेरठ 21 जून 2026। मेरठ के बहसूमा में छह साल के मासूम बेटे अंगदवीर की हत्या के बाद सऊदी अरब से रामराज पहुंचे पिता गुरसेवक ने शनिवार को दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि गुरप्रीत तलाक लेना चाहती थी। अगर वह उसे तलाक दे देते तो […]

You May Like

इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस पर विशाल रैली....|....शाहनवाज खान ने लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज जीता....|....सावन में उत्पात मचाने वालों पर कोरबा पुलिस सख्त....|....स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल....|....अटल प्रतिमा विवाद पर युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन, CMO और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग....|....सीएम मोहन यादव ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, बोले-आजीवन देश की सेवा का लें संकल्प....|....श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर छह दिसंबर को होगी कारसेवा....|....अस्मिता चलिहा बनीं कोरिया मास्टर्स चैंपियन....|....भाजपा का तिरंगा अभियान केवल दिखावे के लिये - कांग्रेस....|....सस्ते 'सोने' के लालच में पड़ा युवक, पांच लाख के हार का झांसा देकर लगाई चपत, दो आरोपी गिरफ्तार