हनुमान के रूप में एंट्री देख गदगद हुए फैंस

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मुंबई, 06 नवंबर 2026। नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के पहले भाग की रिलीज के साथ ही मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी बड़ा सरप्राइज दे दिया है।
दरअसल, ‘रामायण: पार्ट 1’ के पोस्ट-क्रेडिट सीन में सनी देओल की झलक दिखाई गई है, जो फिल्म के अगले भाग में भगवान हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं। हालांकि, इस सीन में उनका चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन उनके भव्य अंदाज ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म के इस खास सीन की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया हैंडल एक्स से लेकर इंस्टाग्राम तक फैंस सनी देओल की एंट्री पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हनुमान चालीसा में सुनाई दी किन सिंगर्स की आवाज?
सनी देओल की भगवान हनुमान के रूप में पहली झलक सामने आने के बाद मेकर्स ने ‘हनुमान चालीसा’ भी रिलीज कर दी है। इस ‘हनुमान चालीसा’ में पांच लोकप्रिय गायकों की आवाज को एक साथ जोड़ा गया है। इसमें सुखविंदर सिंह, मोहित चौहान, कैलाश खेर, शंकर महादेवन और दिलजीत दोसांझ ने अपनी आवाज दी है। इस खास प्रस्तुति ने फिल्म को लेकर दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
सनी देओल की एंट्री देख फैंस के खड़े हुए रोंगटे
फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में सनी देओल को जिस अंदाज में पेश किया गया है, उसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने उनकी एंट्री की तारीफ करते हुए लिखा कि बैकग्राउंड में हनुमान चालीसा, सनी देओल की आवाज में ‘जय श्रीराम’ और बजरंगबली के रूप में उनकी मौजूदगी ने पूरे सीन को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया।
वहीं, एक दूसरे यूजर ने इसे बड़ा सरप्राइज बताते हुए लिखा कि भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल की एंट्री शानदार थी। उनके मुताबिक, अभिनेता ने अपने स्वाभाविक जोश और ऊर्जा से इस दिव्य किरदार के प्रति दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। यूजर ने यह भी सवाल किया कि क्या इस सीन को देखकर दूसरे दर्शकों के भी रोंगटे खड़े हुए।
एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने सनी देओल की शारीरिक बनावट और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस को उनके किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त बताया। यूजर का कहना है कि उनका विशाल व्यक्तित्व, ताकतवर काया और प्रभावशाली अंदाज उन्हें भगवान हनुमान की भूमिका के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है। जैसे ही वह पर्दे पर नजर आते हैं, सीन का पूरा माहौल बदल जाता है। साथ ही यूजर ने फिल्म के दूसरे भाग में उनके पूरे किरदार को देखने की उत्सुकता भी जाहिर की।
कब सामने आई थी सनी देओल की पहली झलक?
गौरतलब है कि ‘रामायण: पार्ट 1’ की कहानी में सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर नहीं आते हैं। उनकी मौजूदगी का अहसास दर्शकों को फिल्म के आखिर में दिखाए गए पोस्ट-क्रेडिट सीन के जरिए कराया गया है। इस सीन में मेकर्स ने उनका चेहरा छिपाकर रखा है, लेकिन उनके भव्य और प्रभावशाली लुक की झलक जरूर दिखाई है।
इससे पहले 28 अक्तूबर को भी मेकर्स ने सनी देओल के बजरंगबली वाले किरदार की पहली झलक साझा की थी। इसी के साथ फिल्म के दूसरे भाग की रिलीज को लेकर जानकारी देते हुए बताया गया था कि ‘रामायण: पार्ट 2’ साल 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट सीन और हनुमान चालीसा के रिलीज होने के बाद फैंस को सनी देओल के इस बहुप्रतीक्षित किरदार को पर्दे पर पूरी तरह देखने का बेसब्री से इंतजार है।


