चंद्रशेखर-ओवैसी की जोड़ी से सपा के सियासी गणित में सेंध

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

लखनऊ, 13 नवंबर 2026। यूपी के सियासी जमीन पर आजाद समाज पार्टी (आसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) के नए गठबंधन तैयार कर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ ही सपा के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है। आसपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर और एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन औवैसी की जोड़ी ने मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक नया राजनीतिक मंच ही नहीं बल्कि एक मजबूत विकल्प देने का भी संदेश दिया है। माना जा रहा है कि इस नई जोड़ी की वजह से भाजपा के समीकरण भी प्रभावित होंगे, लेकिन सबसे अधिक असर सपा के समीकरण पर पड़ सकता है।

वजह साफ है। प्रदेश में करीब 19 फीसदी मुस्लिम और 21 फीसदी दलित आबादी है। इन दोनों वर्गों का एक बड़ा हिस्सा अब तक भाजपा के खिलाफ सपा के साथ खड़ा होता रहा है। ऐसे में नए मोर्चे की सक्रियता विपक्ष के वोट बैंक में सेंध लगा सकती है और इसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है। दरअसल सपा की चुनावी रणनीति का एक बड़ा आधार मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन और पिछड़े-दलित वर्गों के बीच पैठ बनाना रहा है। ओवैसी की एआईएमआईएम मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी अलग राजनीतिक जमीन तलाशती रही है, जबकि चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं। दोनों के एक मंच पर आने से सपा के सामने दोहरी चुनौती होगी। उसे मुस्लिम मतदाताओं के बीच ओवैसी की चुनौती से निपटना होगा तो दलित वोटों के लिए चंद्रशेखर से मुकाबला करना होगा।


इस गठबंधन की कामयाबी का सबसे बड़ा पैमाना यह होगा कि वह सपा के कितने वोट अपनी ओर खींच पाता है। अगर मुस्लिम मतदाताओं का एक हिस्सा ओवैसी और दलित मतदाताओं का एक हिस्सा चंद्रशेखर के साथ जाता है तो कई सीटों पर सपा की जीत की राह मुश्किल हो सकती है। खासकर उन सीटों पर जहां भाजपा और सपा के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहता है। वहां कुछ हजार वोटों का अंतर भी नतीजा बदल सकता है।

इस नए समीकरण का असर कांग्रेस पर भी पड़ने की आशंका है। कांग्रेस भी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में ओवैसी की मौजूदगी उसके लिए भी चुनौती बन सकती है। हालांकि, सबसे बड़ा नुकसान सपा को होने की आशंका है, क्योंकि प्रदेश में भाजपा के मुकाबले मुख्य विपक्षी ताकत वही है।


गठबंधन के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। मुस्लिम और दलित वर्ग के मतदाता एकसमान तरीके से मतदान नहीं करते। मुस्लिम मतदाता अक्सर भाजपा को हराने की संभावना वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता देते हैं, जबकि दलित मतदाताओं के बीच बसपा का अपना प्रभाव और राजनीतिक आधार है। नए गठबंधन को अपनी सीटों पर मजबूत उम्मीदवार उतारने और जमीनी संगठन खड़ा करने की चुनौती भी होगी।


2022 के विधानसभा चुनाव में ओवैसी की एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था। पार्टी को 0.49 फीसदी वोट (4.50 लाख) मिले थे, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी। वहीं चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने 111 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। उसे 1,19,564 वोट मिले थे। उनका भी कोई प्रत्याशी नहीं जीता था।

Leave a Reply

You May Like

चंद्रशेखर-ओवैसी की जोड़ी से सपा के सियासी गणित में सेंध....|....मधुरिमा तुली के भाई दूज सेलिब्रेशन में दिखी रिश्तों की मिठास....|....ग्रीस में अनिरुद्ध-काव्या की शादी की खुशियों में शामिल हुईं उर्वशी रौतेला....|....लगातार स्ट्रेस लेने से दिमाग की कार्यक्षमता प्रभावित होती है....|....अर्चना पूरन सिंह के बेटे आर्यमान सेठी ने दिखाया सपनों का आशियाना....|....75 प्रतिशत शो घटने से परेशान है AICWA....|....मुक्केबाज लैरेनलाकपाम मीतेई ने फाइनल में बनाई जगह....|....अबू धाबी में यूएफसी स्टार पर हमला....|....आईपीएल: हार्दिक-अर्शदीप से पहले भी हुए बड़े ट्रेड....|....चौथे-पांचवें मैच के लिए न्यूजीलैंड टीम में बड़ा बदलाव