सरपंच के खिलाफ उपसरपंच और पंचों ने खोला मोर्चा

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

कोरबा, 13 नवंबर 2026। कोरबा जिले के हरदीबाजार ग्राम पंचायत में सरपंच के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये को लेकर सियासी घमासान मच गया है। उपसरपंच सहित सभी पंचों ने सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के भूमिपूजन में पंचायत प्रतिनिधियों को निमंत्रण तक नहीं दिया गया।

दरअसल, एसईसीएल दीपका प्रबंधन ने खदान विस्तार के लिए हरदीबाजार स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गिरा दिया था। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र को आनन-फानन में पुराने तहसील भवन में शिफ्ट किया गया। वहां छोटे और जर्जर भवन में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन चुनौती बन गया था। इसी समस्या को देखते हुए एसईसीएल दीपका प्रबंधन ने नेवसा रोड पर लीलागर नदी के समीप नया भवन बनवाया। यह भवन करीब 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहा है। बुधवार को एसईसीएल दीपका के महाप्रबंधक शरद तिवारी ने इसका विधिवत भूमिपूजन किया। निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच लोकेश्वर कंवर, सहायक चिकित्सा अधिकारी युद्धेश सांडे और जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन मौजूद रहे। लेकिन उपसरपंच और पंचगण कार्यक्रम से नदारद थे। पंचों का आरोप है कि सरपंच ने जानबूझकर उन्हें सूचना नहीं दी। पंचों ने बताया कि जब उन्हें कार्यक्रम की भनक लगी तो उन्होंने सरपंच को फोन किया। सरपंच ने फोन नहीं उठाया और न ही वापस फोन किया। इससे निर्वाचित प्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है।

उपसरपंच रेखा जायसवाल सहित पंचों ने सरपंच के इस रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वे ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में हमेशा सरपंच के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते आए हैं। पंचों ने सवाल उठाया कि क्या पंचायत में पंचों का कोई महत्व नहीं रह गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरपंच का यही रवैया रहा तो उनके खिलाफ उच्च अधिकारियों से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस दौरान रेखा जायसवाल, इंद्रभूषण सिंह, प्रियंका जायसवाल, मनमोहन खांडे, भानूप्रताप सिंह, राजेंद्र जगत, ममता ओग्रे और चंद्रकला कंवर सहित सभी पंच मौजूद थे।

Leave a Reply

You May Like

सरपंच के खिलाफ उपसरपंच और पंचों ने खोला मोर्चा....|....पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में गिरने की रची झूठी कहानी....|....नक्सल हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार....|....करोड़ों के प्रोजेक्ट में चिंतामण गणेश को जगह नहीं....|....कमाऊ पत्नी को दूसरे पति से गुजारा भत्ता नहीं....|....26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का आगाज....|....एसआईआर में नाम कटने पर भाजपा का बड़ा मंथन....|....चंद्रशेखर-ओवैसी की जोड़ी से सपा के सियासी गणित में सेंध....|....मधुरिमा तुली के भाई दूज सेलिब्रेशन में दिखी रिश्तों की मिठास....|....ग्रीस में अनिरुद्ध-काव्या की शादी की खुशियों में शामिल हुईं उर्वशी रौतेला