तीसरी सोमवारी पर गरीबनाथ धाम का अद्भुत नजारा

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मुजफ्फरपुर, 17 अगस्त 2026। सावन माह के तीसरे सोमवार पर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार रात से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। आधी रात के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, तीसरी सोमवारी पर करीब छह लाख से अधिक कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर और कांवरिया पथ भगवा रंग में रंगा नजर आया।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा गरीबनाथ धाम
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए बाबा का जलाभिषेक किया। कांवरियों ने गंगाजल के साथ दूध, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर और आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। रविवार रात करीब नौ बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। रात 12 बजे के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ और अहले सुबह तक भक्त बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े रहे।
90 किलोमीटर दूर से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरिया
सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिया करीब 90 किलोमीटर दूर से गंगाजल लेकर पहुंचे। कांवरिया पटना-मुजफ्फरपुर मार्ग से फकुली, कुढ़नी, तुर्की, सकरी, सरैया और रामदयालु नगर होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। तीसरी सोमवारी को मंदिर में सबसे अधिक भीड़ जुटने को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यापक तैयारी की थी। कांवरिया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी।
भीड़ बढ़ी तो अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव, एसडीएम पश्चिमी आकांक्षा आनंद और एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराने और सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक कराने की व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस बल के साथ एनसीसी, स्काउट-गाइड और मंदिर प्रशासन से जुड़े स्वयंसेवकों ने भी श्रद्धालुओं की सहायता की।
डीएम बोले- छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
डीएम कुमार गौरव ने बताया कि तीसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन ने पहले से तैयारियां पूरी कर ली थीं। रात के समय कांवरियों की संख्या बढ़ने के बाद भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस के अलावा एनसीसी, स्काउट-गाइड और मंदिर प्रशासन से जुड़े स्वयंसेवकों की मदद ली जा रही है। प्रशासन का अनुमान है कि तीसरी सोमवारी पर छह लाख से अधिक कांवरिया और श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करेंगे। डीएम के मुताबिक, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
ड्रोन और सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी शहर और कांवरिया पथ की निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
तीसरी सोमवारी पर भगवा रंग में रंगा मुजफ्फरपुर
बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ी लाखों की भीड़ के बीच पूरा कांवरिया पथ और मंदिर परिसर भगवा रंग में नजर आया। हर ओर बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया।


