भाजपा का पता भी नहीं चलेगा

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
लखनऊ, 11 नवंबर 2026। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है। प्रदेश में अब लड़ाई 80-20 की नहीं है बल्कि 95-05 की है। भाजपा का पता भी नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। हाथरस कांड के बाद घटनाएं रुकी नहीं हैं बल्कि महिलाओं के खिलाफ एक से बढ़कर एक दर्दनाक घटनाएं हो रही हैं। सपा सरकार ने सबसे बेहतरीन पुलिस रिस्पांस सिस्टम दिया था वो भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव बुधवार को सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सबसे शर्मनाक पक्ष तो ये है कि यूपी पुलिस से भरोसा उठ गया है। कई बार सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट टिप्पणी कर चुके हैं कि क्या यूपी पुलिस को भंग कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं।
26 हजार स्कूल बंद हुए, हर जगह तीन नौकरियां खत्म हुईं
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। इसके साथ ही हर स्कूल में तीन नौकरियां भी खत्म हो गई हैं। भाजपा सरकार ने निवेश के बड़े-बड़े दावे किए पर कौन सा प्रोजेक्ट जमीन पर उतरा और कितने लोगों को रोजगार मिला? प्रदेश के मंत्री विदेश घूमने गए पर निवेश जमीन पर नहीं उतरा। प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।
पीडीए मतलब पहले दर्शन फिर आशीर्वाद
अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के सवाल पर कहा कि हम तो केदारेश्वर जाएंगे और वृंदावन भी जाएंगे। हमारे लिए पीडीए का मतलब पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि हमारे घर में पहले से ही शिव और रामगोपाल हैं। हम सब जगह जाएंगे।


