पेमेंट स्लीप,सामाजिक सुरक्षा और एचपीसी दर पे पेमेंट देने की मांग, प्रबंधन ने माना मांगे जायज लिखित आश्वासन देकर समस्याओं का जल्द समाधान का दिया आश्वाशन

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोरबा, 11 नवंबर 2026। एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले में पड़ने वाले रानी अटारी और विजय वेस्ट भूमिगत खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों को पेमेंट स्लीप, आई कार्ड,सेफ्टी समान,एचपीसी दर नहीं मिलने से अक्रोशित सैकड़ों ठेका मजदूरों ने आज सुबह 6 बजे से ही किसान सभा के नेतृत्व में खदान बंद करते हुए कोल परिवहन को रोक कर आंदोलन किया जिससे 7 घंटे तक खदान पूर्ण रूप से बंद रहा जिससे उत्पादन पूर्ण रूप से ठप्प रहा। हड़ताल को देखते हुए पुलिस बल उपस्थित था। सात घंटे खदान बंद के बाद एसईसीएल चिरमीरी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने ठेका मजदूरों को मिलने वाले अधिकारों को देने का लिखित आश्वासन दिया, उसके बाद हड़ताल समाप्त हुआ। ठेका श्रमिकों की मांगों को सही ठहराते हुए सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वी एम मनोहर ने समर्थन किया और प्रबंधन से ठेका श्रमिकों की मांगों को पूरा करने के लिए कहा।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने कहा कि कोयला खदानों में ठेका मजदूरों को कम मजदूरी देकर उनका शोषण किया जा रहा है। इसे छुपाने के लिए उन्हें पेमेंट स्लीप नहीं दिया जाता। इससे मजदूर अपनी सही मजदूरी और कितने दिनों का वेतन दिया जा रहा है, इस जानकारी से वंचित रहते है। मजदूरों ने कोयला प्रबंधन से कई बार इसकी शिकायत की, जिसका आज तक प्रबंधन ने संज्ञान नहीं लिया है। साथ ही इससे साबित होता है कि प्रबंधन और ठेका कंपनी में खुली मिलीभगत है।
सीटू नेता वी एम मनोहर ने प्रबंधन से कहा कि ठेका श्रमिकों को आई कार्ड,पेमेंट स्लीप, पी एफ की जानकारी,और सेफ्टी समान मिलना उनका अधिकार है ठेकेदार या एसईसीएल प्रबंधन ठेका श्रमिकों को उनके अधिकार से वंचित नहीं कर सकता है उन्हें उनका अधिकार देना होगा नहीं तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा साथ ही एसईसीएल कंपनी स्तर पर सभी क्षेत्रों में भी सभी ठेका श्रमिकों के अधिकार को सुनश्चित करने की मांग की जाएगी।
किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू और दामोदर श्याम ने कहा कि ठेका श्रमिकों का शोषण पूरे एसईसीएल में हो रहा है ठेका श्रमिकों के उपर हो रहे शोषण के खिलाफ कोरबा जिले के अंतिम झोर रानी अटारी खदान से आंदोलन की शुरुवात की गई है अब पूरे जिले में ठेका श्रमिकों के उपर हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
प्रबंधन के रवैए से आक्रोशित सैकड़ों ठेका मजदूरों ने आज किसान सभा के नेतृत्व में रानी अटारी खदान में हड़ताल किया, हड़ताल का चिरमिरी क्षेत्र के कोयला श्रमिक संघ सीटू ने भी समर्थन किया जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन को मजदूरों को लिखित आश्वासन देने के लिए बाध्य होना पड़ा है। किसान सभा और सीटू नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी गड़बड़ियां जारी रहती है और अगर मजदूरों को उनके अधिकार से वंचित किया जाता है, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रमुख मांगे
ठेका मजदूरों को पहचान पत्र, पेमेंट स्लीप, समय पर मजदूरी का भुगतान, पी एफ की जानकारी,सुरक्षा उपकरण गंबूट- टोपी उपलब्ध कराने, के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। चिरमिरी क्षेत्र के कोयला श्रमिक संघ (सीटू ) के रामदास, अरविंद सिंह यादव, मनीष खरे , अजय, रथराम ने ठेका श्रमिकों की मांगों को सही ठहराया। हड़ताल में किसान सभा के दामोदर श्याम,दीपक साहू, मोहम्मद हुसैन अली, बृजलाल, रामेश्वर,रामदेव, बाबूलाल, देव प्रताप, सुरजन, लक्ष्मण, बुद्धि,उजागर, कन्हैयाके साथ बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित थे।

