एसपी से लिपटकर रोए परिजन, कलेक्टर ने बंधाया ढांढस

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
शहडोल, 10 नवंबर 2026। पुलिस की गश्त देखकर चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में कूदे तीन नाबालिगों की डूबने से मौत के मामले में मंगलवार को तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद से तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिला अस्पताल की मोर्चरी में शवों के पास पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल को देखते ही परिजन उनसे लिपटकर रोने लगे। एसपी ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच की है। बताया गया कि चौपाटी के पीछे तालाब के पास चार नाबलिग मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की गश्त देखकर चारों अचानक तालाब में कूद गए। इनमें से एक युवक किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि तीन गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई। तीनों घरौला मोहल्ले के निवासी थे, वहीं पुष्पेंद्र उर्फ पंकज का उपचार जारी है।
परिजनों को दी तत्काल सहायता
मंगलवार को कलेक्टर पार्थ जायसवाल जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। रेडक्रास सोसायटी की ओर से तीनों परिवारों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए। अनुसूचित जाति विभाग की ओर से भी संकटापन्न परिवारों को 10 से 18 हजार रुपये तक की सहायता स्वीकृत की गई है। कलेक्टर ने शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
तीन दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर संरोधन सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन को सदस्य बनाया गया है। समिति को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के साथ रवाना किए गए। प्रशासनिक अधिकारी भी परिजनों के साथ मौजूद रहे। पुलिस युवकों के तालाब में कूदने के कारणों की जांच कर रही है।


