मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
मेरठ, 12 सितंबर 2026। हस्तिनापुर के माखननगर निवासी नितिन की गोली मारकर हत्या के बाद शनिवार को ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही गणेशपुर तिराहे पर मेरठ-बिजनौर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया गया। दोनों ओर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुटे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा एनकाउंटर की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसी बीच हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाने की कार्रवाई की।
शव रखकर सड़क पर बैठ गए ग्रामीण
शनिवार सुबह गणेशपुर तिराहे पर ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद नितिन का शव पहुंचते ही ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया और दोनों ओर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर मेरठ-बिजनौर मार्ग बंद कर दिया गया। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि नितिन की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग उठाई। परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि जब तक पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते और सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि पुलिस पहले सक्रिय होती तो हत्या की घटना रोकी जा सकती थी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया
जाम और हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई के स्पष्ट आश्वासन पर अड़े रहे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मुख्य आरोपी मिट्ठू के घर चला बुलडोजर
ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, नितिन की शुक्रवार शाम हत्या के बाद से ही आरोपी फरार हैं। मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के तहत शनिवार को उसके घर पर बुलडोजर चलाया गया।

