गांधी भवन से कलेक्टोरेट तक महारैली

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
इंदौर, 27 अक्टूबर 2026। कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जनसंघर्ष महारैली निकाली। शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्टोरेट पहुंची। कांग्रेस ने इस आयोजन के लिए ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे दिए। रैली के जरिए पार्टी ने सरकारों की नीतियों के साथ मतदाता सूची में किए गए बदलावों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।
कांग्रेस के प्रमुख नेता पहुंचे
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर यह महारैली आयोजित की गई। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर कलेक्टोरेट तक प्रदर्शन किया गया।
सभी मोर्चा-संगठनों और कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि महारैली में अधिक से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने एक सप्ताह तक तैयारी की। सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, शहर एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा ब्लॉक अध्यक्षों ने इसमें भाग लिया। युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस सहित विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी अपने साथियों के साथ पहुंचे। इसके अलावा वर्तमान और पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा पंचायतों के पंच, सरपंच और अन्य पदाधिकारी भी महारैली में शामिल हुए।


