यूक्रेन-रूस जंग के दस दिन : कीव-सूमी और चेर्निहीव में हवाई हमलों का अलर्ट, कई शहर पहले ही बर्बाद, 12 लाख से ज्यादा लोग बेघर

शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

कीव 06 मार्च 2022। शनिवार को 10वें दिन भी यूक्रेन पर रूसी हमले जारी रहे। रूसी सेना ने राजधानी कीव समेत ओडेसा, लवीव, माइकोलेइव शहरों को निशाना बनाया। शनिवार को रूस ने कीव के साथ सुमी और चेर्निहीव शहरों के मुख्य इलाकों में हवाई हमलों का अलर्ट जारी किया। 10 दिन के भीतर रूस में 12 लाख लोग बेघर हो चुके हैं, कई बेगुनाह मारे जा चुके हैं और कई शहर, घर व मोहल्ले तबाह हो चुके हैं। रूसी सेना कीव को चारों तरफ से घेर चुकी है और राजधानी पर नियंत्रण की लड़ाई इस युद्ध का अंतिम मोड़ होगी। कीव के अलावा यूक्रेन के कई शहरों में रूस के सैनिक मौजूद हैं। रूस की सेना या तो शहरों को अपने नियंत्रण में ले रही है अथवा उन्हें तबाह कर रही है। कीव की सड़कों पर अभी रूस के टैंक नहीं हैं, लेकिन यूक्रेन के कई शहरों में रूस के टैंक, रॉकेट और मिसाइलों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। 

विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि कीव पर कब्जा नहीं हो पाया तो युद्ध कई दिन और लंबा खिंच सकता है। उधर, यूक्रेन के चेर्निहीव और सुमी शहरों में हवाई हमले का अलर्ट जारी होने के बाद से इन शहरों में शनिवार को दहशत मची रही। निवासियों को निकटतम आश्रय स्थलों में जाने की चेतावनी दी गई है।

मैरियूपोल को रूसी सेना ने किया बंद
मैरियूपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने कहा, कई दिनों तक हमलों के बाद रूसी सेना ने शहर को बंद कर दिया है। सीएनएन ने बताया, 4.5 लाख की आबादी वाला दक्षिण-पूर्वी मैरियूपोल शहर रूसी सेना के लिए रणनीतिक महत्व का है, क्योंकि यहां वे क्रीमिया को दक्षिणी रूस से जोड़ने वाले एक जमीनी गलियारे पर काम कर सकते हैं।

यह यूरोप-विश्व शांति पर आक्रमण : बाइडन
राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि यूक्रेन पर रूसी हमला सिर्फ इस देश पर नहीं, बल्कि यूरोप व विश्व शांति पर हमला है। बाइडन ने फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ चर्चा के बाद कहा, दोनों देशों ने रूसियों के खिलाफ साझा प्रतिक्रिया दी है और यूक्रेन के विरुद्ध अकारण हमले के लिए रूसी जवाबदेही तय कर रहे हैं। इससे पहले दिन में बाइडन ने पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डुडा से बातचीत की।

व्हाइट हाउस ने कहा, बाइडन ने पोलैंड की सुरक्षा और सभी नाटो सहयोगियों की रक्षा की अमेरिकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने नाटो के खिलाफ रूस के किसी भी हमले को रोकने के लिए 9,000 अमेरिकी सैनिकों की तैनाती के लिए पोलैंड की साझेदारी का आभार जताया। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने ब्रसेल्स में कहा, अमेरिका ने यूरोप में अतिरिक्त 7,000 सैनिक भेजे हंै और नाटो के पूर्वी बेडे को मजबूत करने के लिए बलों की तैनाती में बदलाव किए हैं।

पोलैंड-रोमानिया जाएंगी कमला हैरिस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस रूसी हमले के खिलाफ यूरोपीय सहयोगियों को एकजुट करने के लिए अगले सप्ताह पोलैंड व रोमानिया जाएंगी। हैरिस की प्रवक्ता सबरीना सिंह ने बताया, उपराष्ट्रपति 9-11 मार्च के बीच पोलैंड के वारसॉ और रोमानिया के बुखारेस्ट जाएंगी।

व्हाइट हाउस ने पुतिन की हत्या संबंधी सांसद ग्राहम के बयान से बनाई दूरी
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या करने का आह्वान करने संबंधी अमेरीकी सांसद लिंडसे ग्राहम के बयान की निंदा की जा रही है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, यह अमेरिका का रुख नहीं है। टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद टेड क्रूज ने इसे बेहद बुरी सोच बताया। जॉर्जिया से सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा कि ग्राहम का बयान गैर जिम्मेदाराना और खतरनाक है।

परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च अहमियत देता है भारत: तिरुमूर्ति
यूक्रेन में जैपोरिझिया परमाणु संयंत्र पर रूसी कब्जे के बाद भारत ने अपनी चिंता जाहिर की है। शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक में देश के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा, भारत परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को सर्वोच्च अहमियत देता है। साथ ही आगाह किया कि इन केंद्रों पर कोई भी दुर्घटना जन स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर असर डाल सकती है।

तिरुमूर्ति ने यूक्रेन में जारी युद्ध व हिंसा को फौरन खत्म करने की आवश्यकता दोहराई। उन्होंने कहा, भारत यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और केंद्रों की सुरक्षा से संबंधित घटनाक्रम पर सावधानीपूर्वक नजर रख रहा है। साथ ही कहा, वह अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के उसकी सुरक्षा व निगरानी गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

हजारों निर्दोष लोगों की सुरक्षा लगी है दांव पर
तिरुमूर्ति ने कहा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को यूक्रेन में हमारे सामने पैदा हो रहे मानवीय संकट को समझना चाहिए, जहां हजारों भारतीयों समेत निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा दांव पर लगी है। तिरुमूर्ति ने उम्मीद जताई कि रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता से लोगों को सुरक्षित निकालने का मार्ग (मानवीय गलियारा) प्रशस्त होगा।

हालात को और बिगाड़ना चाहता है यूक्रेन : लावरोव
यूक्रेन की तरफ से नाटो से मदद मांगने पर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नाटो से रूस के खिलाफ मैदान में उतरने के आग्रह को दोनों देशों की वार्ता को नुकसान पहुंचाने वाला बताते हुए कहा, संघर्ष में नाटो से मदद लेने के प्रयास और जेंलेंस्की के भड़काऊ बयान हालात बिगाड़ रहे हैं। लावरोव ने जेलेंस्की द्वारा नाटो की आलोचना पर कहा, एक तरफ तो वे नाटो की तरफ से यूक्रेन में सैनिक नहीं भेजने से नाराज हैं, वहीं दूसरी तरफ बातचीत के बजाय नाटो की मदद से मौजूदा हालात का हल निकालना चाहते हैं, जो संभव नहीं है।

यूक्रेन का सैन्य ढांचा ध्वस्त, पश्चिमी देशों के प्रतिबंध युद्ध की घोषणा जैसे : पुतिन
मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन का सैन्य ढांचा नष्ट करने का दावा करते हुए कहा कि रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों के प्रतिबंध युद्ध की घोषणा के बराबर हैं। उन्होंने कहा, जो हो रहा है, जो हम देख रहे हैं और जो हम झेल रहे हैं, वे सब निश्चित रूप से रूस के खिलाफ संघर्ष का तरीका है। पुतिन ने दोहराया, मुझे कोई संदेह नहीं है कि रूसी सेना सभी लक्ष्य पूरा करेगी।

पुतिन ने कहा, यूक्रेन पर सैन्य अभियान का फैसला लेना आसान नहीं था। रूस ने कई सालों से इस विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने की कोशिश की। कीव को डोनबास के लोगों को रूसी भाषा बोलने और मर्जी से जीवन जीने की इजाजत देनी चाहिए थी, लेकिन यूक्रेनी अधिकारियों ने तो उस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। उन्होंने कहा, डोनबास के लोग गली के कुत्ते नहीं थे। वहां आठ साल में 14 हजार लोगों की हत्या की गई। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की नाटो से यूक्रेन को उड़ान वर्जित क्षेत्र बनाने की मांग कर रहे हैं। पुतिन ने कहा, जो भी देश यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को उड़ान वर्जित क्षेत्र बनाने की कोशिश करेगा, वह रूस का विरोधी होगा। ब्रिटेन ने नाटो के युद्ध में शामिल होने की बात कहकर हमें अलर्ट कर दिया है।

15 लाख पहुंच सकती है शरणार्थियों की संख्या
अंतरराष्ट्रीय राहत एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि पूरे यूक्रेन में मानवीय आपदा आ सकती है क्योंकि भोजन, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति समाप्त होती जा रही है। रविवार तक देश से बाहर जाने वाले शरणार्थियों की संख्या 15 लाख तक पहुंच सकती है जो अभी 13 लाख है। यूक्रेन-रूस के साथ तीसरे दौर की बातचीत 7 मार्च को पोलैंड में होगी।

Leave a Reply

Next Post

यूक्रेन के विदेश मंत्री की पीएम मोदी से अपील, युद्ध रोकने के लिए रूस से करें वार्ता

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर   कीव 06 मार्च 2022। यूक्रेन पर रूस लगातार हमला कर रहा है। नए दौर के प्रतिबंधों की मांग करते हुए यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने भारत से अपील की है कि रूस को इस युद्ध को रोकने के लिए कहे। एक टेलीविज़न संबोधन के […]

You May Like

भाजपा ने शिक्षक भर्ती घोटाले के पीड़ितों की मदद के लिए शुरू की लीगल सेल, पीएम मोदी ने दिया था निर्देश....|....मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने किए महाकाल के दर्शन, कहा- जनता देगी कांग्रेस को जवाब....|....6 नक्सलियों ने किया सरेंडर, एक दंपति भी शामिल....|....फेल विद्यार्थियों को सीएम विष्णुदेव साय ने दिया संबल, निराश नहीं होने की बात कही....|...."किसी भी चैनल पर, किसी भी समय और किसी भी मुद्दे पर...", स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी को दी खुली चुनौती....|....'रोहित एमआई छोड़ देंगे', वसीम अकरम ने की बड़ी भविष्यवाणी, बताया किस टीम के लिए हिटमैन करेंगे ओपनिंग....|...."एक देश का तो एक बिहार का मजाक बना रहे", विजय सिन्हा ने राहुल-तेजस्वी पर साधा निशाना....|....उत्तराखंड में भारी बारिश, बादल फटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त, IMD ने लोगों को किया अलर्ट....|....छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड के नतीजे जारी....|....बंद कमरे में मिली पति-पत्नी और मासूम बच्चे की लाश, गले पर फंदे और चोट के मिले निशान; जांच में जुटी