1500 करोड़ की लागत से बनेगा रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ फोरलेन

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़वासियों को जल्द ही एक नई फोरलेन की सौगात मिलने वाली है। इससे यातायात बेहतर और आसान होगा। रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ सड़क फोरलेन बनाई जायेगी। इसके रोडमैप को लेकर कवायद शुरू हो गई है। फोरलेन निर्माण का रास्ता करीब-करीब साफ हो चुका है। अब लोग पौने दो घंटे की बजाय एक घंटे में बलौदाबाजार पहुंच सकेंगे। इसके लिये रायपुर से खरोरा ब्लॉक के खोरसी गांव तक सर्वे भी हो चुका है। नेशनल हाइवे (एनएच) बिजली विभाग और वन की संयुक्त टीम ने सर्वे कराया है। इसमें  21 गांवों की 711 खसरों की करीब 17 हेक्टेयर जमीन सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही है। 

जमीन मालिकों से मंगाई जायेगी दावा-आपत्ति
जल्द ही इन खसरों को प्रकाशित कर संबंधित जमीन मालिकों से दावा-आपत्ति मंगाई जायेगी। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से मुआवजा बांटा जायेगा। फोरलेन का कार्य दो चरणों में होगा। पहले चरण में रायपुर से बलौदाबाजार तक बनाया जायेगा। इसके बाद बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक फोरलेन बनेगा। करीब 1500 करोड रुपए की परियोजना को लेकर डीपीआर बनाकर छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग ने एनएचएआई को भेज दिया है। वहां से स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू होगा।

दो चरणों में होगा निर्माण कार्य
पहले चरण के तहत रायपुर के धनेली से पुराने विधानसभा भवन तक 11.610 किलोमीटर सड़क के लिए करीब 500 करोड रुपए का बजट है। दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब  72 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाई जायेगी। इसके लिये करीब 1050 करोड के बजट का प्रावधान है। इस दौरान बिजली के पोल हटाये जायेंगे। मार्ग में आने वाले पेड़ों की कटाई की जायेगी। रेलवे क्रासिंग पर पुल या अंडरब्रिज बनाये जायेंगे। इसके लिये रेलवे से भी स्वीकृति ली गई है। परियोजना में सर्विस लेने के साथ ही चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज भी बनाये जायेंगे।

काटे या शिफ्ट किये जायेंगे सात हजार पेड़   
सड़क चौड़ीकरण के दायरे में बड़े पैमाने पर पेड़ आ रहे हैं। इसके लिये वन विभाग से एग्रीमेंट हुआ है। वन विभाग पेड़ों को काटने या शिफ्ट करने का कार्य करेगा। ऐसे में रायपुर जिले की एरिया में करीब सात हजार पेड़ प्रभावित होंगे।  वन विभाग की टीम ने इन पेड़ों का चिन्हांकन कर लिया है। जैसे-जैसे काम आगे बढ़ेगा, इन पेड़ों को काटा या शिफ्ट किया जायेगा। इसके साथ ही सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और अन्य विद्युत स्ट्रक्चर को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग ने 44.78 करोड रुपए का बजट प्रस्ताव बनाया है। इसे मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद नेशनल हाईवे को डिमांड नोट जारी किया जाएगा।

इनका कहना है
इस संबंध में एनएच रायपुर संभाग के एसडीओ आरएस गंजीर ने अमर उजाला को बताया कि रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ फोरलेन बनाया जायेगा। डीपीआर भेज दिया गया है। रायपुर जिले की सीमा तक एनएच,वन, विद्युत का संयुक्त सर्वे हो चुका है। इसमें रायपुर जिले के 711 खसरे प्रभावित हो रहे हैं। जल्द ही दावा आपत्ति मंगाई जायेगी।

फैक्ट फाइल

  • रायपुर से बलौदाबाजार-सारंगढ़ तक बनेगा फोरलेन 
  • तैयार हुआ मास्टर प्लान
  • खत्म होगा घंटों का ट्रैफिक जाम
  • सड़क निर्माण का रास्ता साफ
  • अब पौने दो के बजाय एक घंटे पहुंचेंगे लोग
  • 20 गांवों की 17 हेक्टेयर जमीन इसकी जद में
  • एनएच, वन और विद्युत विभाग ने सर्वे का काम किया पूरा 
  • दो चरणों में होंगे निर्माण कार्य
  • 1500 करोड़ रुपये की परियोजना 

Leave a Reply

You May Like

1500 करोड़ की लागत से बनेगा रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ फोरलेन....|....जोधपुर नगर निगम में कमल खिला: भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता बने नए मेयर....|....मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू,निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें....|....नीम करोली बाबा के दर्शन से लौट रहे परिवार की कार नदी में गिरी, बाल-बाल बचे श्रद्धालु....|....केएनएच परिसर में नहीं बनेंगे विधायकों के आवास....|....भजनपुरा पेट्रोल पंप हिंसा के दोषियों को दो साल का कठोर कारावास....|....बिना परमिशन होर्डिंग लगाने पर एनएसयूआई नेता पर केस....|....बीपी नॉर्मल फिर भी आ रहे चक्कर और कांप रहा शरीर? डॉक्टर से जानें वजह....|....'भारत सरकार के खाते में नहीं जाएगा पैसा'....|....'हर साल उठता है यूएन में सुधार का मुद्दा'