ऋचा ने मिस एमपी का खिताब जीता, फिर चुना कॉर्पोरेट करियर

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

ग्वालियर, 16 सितंबर 2026। कभी ग्वालियर के फैशन मंच से अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत करने वाली ऋचा मेहता ने करीब 25 साल बाद एक बार फिर रैंप पर कदम रखा। इस बार मंच अपने शहर या देश में नहीं, बल्कि अमेरिका के न्यूयॉर्क में था। न्यूयॉर्क फैशन वीक के तहत 12 सितंबर को सोनी हॉल में हुए रनवे सेवन फैशन शो में ऋचा ने रंधावा ब्रांड्स के कलेक्शन के लिए रैंप वॉक किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी मौजूदगी ने ग्वालियर में रह रहे परिवार और परिचितों को खासा उत्साहित कर दिया।

करियर के साथ-साथ मॉडलिंग का जुनून
ऋचा के लिए यह प्रस्तुति महज एक फैशन शो में हिस्सा लेना नहीं था। यह उस शौक की ओर वापसी थी, जिसे उन्होंने पढ़ाई, करियर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच कभी पूरी तरह छोड़ा नहीं। शुरुआती दौर में ग्वालियर के फैशन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने मिस एमपी का खिताब भी हासिल किया था। इसके बाद उनका रुझान कॉरपोरेट क्षेत्र की ओर हुआ और उन्होंने पेशेवर जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई।

कॉर्पोरेटनौकरी और माडलिंग साथ-साथ
वर्तमान में ऋचा न्यूयॉर्क की एक कंपनी में कार्यरत हैं। नौकरी और निजी जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी मॉडलिंग के प्रति उनका लगाव बना रहा। इसी लगाव ने उन्हें दोबारा रैंप तक पहुंचाया। न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित फैशन आयोजन में जब वह डिजाइनर कलेक्शन के साथ मंच पर उतरीं तो उनके आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। ऋचा के इस खास पल का गवाह उनका परिवार भी बना। उनकी मां वीणा नेगी के मुताबिक, भारत में 13 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे परिवार ने कार्यक्रम को लाइव देखा। ऋचा के दोस्त और रिश्तेदार भी ऑनलाइन इस प्रस्तुति से जुड़े रहे। रैंप पर बेटी को देखकर परिवार के सदस्यों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।

कभी नहीं छोड़ा फैशन के प्रति लगाव
वीणा नेगी ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ऋचा ने जीवन की जिम्मेदारियों के साथ अपने पसंदीदा क्षेत्र के लिए समय निकालकर यह साबित किया है कि मन में लगन हो तो पुराने सपनों को भी दोबारा अवसर दिया जा सकता है। परिवार के लिए न्यूयॉर्क के मंच पर बेटी को देखना भावुक कर देने वाला क्षण रहा। ऋचा की कहानी का खास पहलू उनका करियर सफर है। मॉडलिंग से शुरुआत करने के बाद उन्होंने अपनी पेशेवर दिशा बदली और कॉरपोरेट क्षेत्र में काम शुरू किया। समय के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी बढ़ीं, लेकिन फैशन के प्रति उनका लगाव बना रहा। लंबे अंतराल के बाद रैंप पर उनकी वापसी इसी निरंतरता का परिणाम मानी जा रही है।

ऋचा ने समाज के सामने पेश की मिसाल
ग्वालियर में ऋचा के परिवार और परिचितों के बीच उनकी उपलब्धि को लेकर उत्साह है। स्थानीय स्तर से शुरू हुआ उनका सफर अब न्यूयॉर्क के फैशन मंच तक पहुंच चुका है। ऋचा की यह वापसी इस बात की मिसाल बनकर सामने आई है कि जीवन में करियर की दिशा बदलने या जिम्मेदारियां बढ़ने के बाद भी व्यक्ति अपने पसंदीदा क्षेत्र से दोबारा जुड़ सकता है। न्यूयॉर्क में रैंप पर ऋचा की प्रस्तुति ने ग्वालियर से जुड़े उनके शुरुआती सफर को एक नया पड़ाव दिया है। परिवार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने बेटी को उसके शुरुआती मॉडलिंग दौर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचते हुए देखा है।

Leave a Reply

Next Post

झीरम घाटी कांड में सजा पर फैसला आज

शेयर करे13 साल बाद 10 दोषियों को अदालत सुनाएगी फरमान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम छत्तीसगढ़ रिपोर्टर            रायपुर, 16 सितंबर 2026।  प्रदेश के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले के 13 साल पुराने मामले में आज फैसला आने वाला है। जगदलपुर की विशेष NIA अदालत ने 5 सितंबर को मामले में सुनवाई […]

You May Like

फसल सुरक्षा के नाम पर बिछा मौत का जाल....|....झीरम घाटी कांड में सजा पर फैसला आज....|....ऋचा ने मिस एमपी का खिताब जीता, फिर चुना कॉर्पोरेट करियर....|....पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप....|....नकली सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाओं का खेल पकड़ा, पांच गिरफ्तार....|....दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं को अब मिलेंगे 6000 रुपये....|....खून से सने कपड़ों ने खोला अंधे कत्ल का राज....|....माफिया और मच्छर की तरह खत्म हुआ इंसेफेलाइटिस....|....इस्राइल को 40 हजार खतरनाक बम देगा अमेरिका....|....ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी संसद में घमासान