धवन बोले- आप शानदार फाइटर हैं

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026। भारत की पहलवान मनीषा भानवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने बधाई दी है। राष्ट्रपति ने मनीषा की कामयाबी को देश के लिए गर्व और सम्मान का पल बताया, वहीं धवन ने छह अंकों से पिछड़ने के बाद उनकी शानदार वापसी की तारीफ की।
द्रौपदी मुर्मू ने बताया देश के लिए गर्व का पल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मनीषा भानवाला को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘मनीषा भानवाला को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने की आपकी शानदार उपलब्धि ने देश को गर्व और सम्मान का पल दिया है।’ खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मनीषा की सराहना की। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय कुश्ती के लिए एक यादगार दिन। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली इतिहास की पहली भारतीय महिला बनने पर मनीषा भानवाला को हार्दिक बधाई।’
0-6 से पिछड़ने के बाद की शानदार वापसी, धवन भी हुए मुरीद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी मनीषा की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘0-6 से पिछड़ने के बाद विश्व चैंपियन बनना। आप कितनी शानदार फाइटर हैं, मनीषा। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। बधाई हो।’ दरअसल, महिलाओं के 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में मनीषा का सामना अमेरिका की एबिगेल एलिजाबेथ नेटे से हुआ था। मुकाबले की शुरुआत भारतीय पहलवान के लिए अच्छी नहीं रही। अमेरिकी पहलवान ने चार अंकों वाला दांव लगाकर बढ़त बनाई। इसके बाद मनीषा की चुनौती असफल रहने पर नेटे को एक और अंक मिला। एक चेतावनी के कारण उनकी बढ़त 6-0 हो गई।
हालांकि, मनीषा ने हार नहीं मानी। उन्होंने ब्रेक से पहले एक अंक हासिल किया। दूसरे राउंड में टेकडाउन के जरिए अंतर कम किया। अमेरिकी पहलवान की चुनौती असफल होने पर उन्हें एक अतिरिक्त अंक मिला। इसके बाद मनीषा ने गट-रेंच दांव से स्कोर 6-6 कर दिया। फिर एक और टेकडाउन के जरिए 8-6 की निर्णायक बढ़त हासिल की और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
फाइनल तक का सफर भी रहा शानदार
मनीषा ने प्री-क्वार्टर फाइनल में कनाडा की लॉरेंस ब्यूरेगार्ड को 6-2 से हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखु को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में जीत के साथ उन्होंने भारतीय कुश्ती के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। इससे पहले भारत की ओर से अंशु मलिक ने 2021 में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। मनीषा की स्वर्णिम सफलता ने भारतीय महिला कुश्ती को नई उपलब्धि दिलाई है। इस चैंपियनशिप में भारत ने दो रजत और दो कांस्य सहित कुल चार पदक जीते। तनु शर्मा ने महिलाओं के 72 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

