कनाडा बनेगा यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर          

 मॉन्ट्रियल/वाशिंगटन, 31 अक्टूबर 2026। कनाडा और यूरोपीय संघ (ईयू) ने अपने संबंधों को नया आयाम देते हुए नई दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दोनों पक्ष कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’ बनाने की दिशा में काम करेंगे। यह व्यवस्था पूर्ण सदस्यता से एक कदम पीछे होगी, लेकिन इसके तहत कनाडा को यूरोपीय संघ के साथ व्यापक आर्थिक, व्यापारिक, तकनीकी और रक्षा सहयोग का अवसर मिलेगा। कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका ऐलान करते हुए कहा कि कनाडा और यूरोपीय संघ पूर्ण सदस्यता से इतर सबसे गहरी साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके तहत कनाडा यूरोपीय संघ का पहला एसोसिएट सदस्य बन सकता है। कार्नी ने कहा, ‘मॉन्ट्रियल में हुई बैठक में दोनों पक्षों ने 20 से अधिक नए उपायों पर सहमति बनाई है। इनका उद्देश्य अटलांटिक के दोनों ओर आर्थिक अवसरों को बढ़ाना, लोगों के लिए चीजों को अधिक किफायती बनाना और अपनी संप्रभुता को मजबूत करना है।’

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने क्या कहा?
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस समझौते को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘यूरोपीय संघ-कनाडा शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों ने पूर्ण सदस्यता के अलावा हर संभव क्षेत्र में नजदीकी सहयोग के लिए सहमति बनाई है।’ कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, आने वाले महीनों में दोनों पक्ष इस नई सदस्यता व्यवस्था के स्वरूप, दायरे और विषयों को अंतिम रूप देंगे। 21वां कनाडा-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 29 और 30 अक्तूबर को मॉन्ट्रियल में आयोजित हुआ। इसमें प्रधानमंत्री कार्नी के साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शामिल हुईं। सम्मेलन के बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान भी जारी किया।

इस दौरान व्यापार और तकनीक के क्षेत्र में कई अहम समझौते हुए। कनाडा और यूरोपीय संघ ने डिजिटल व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया और प्रतिस्पर्धा से जुड़े समझौते पर बातचीत पूरी की। इसके अलावा कनाडा यूरोपीय हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग ज्वाइंट अंडरटेकिंग में शामिल हुआ है। इससे कनाडा के शोधकर्ताओं को यूरोप के अत्याधुनिक जुपिटर सुपरकंप्यूटर तक पहुंच मिलेगी।

समझौते में क्या सहमति बनी?
महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। कनाडा ने एक ऐसी संधि रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत यूरोपीय निवेश बैंक कनाडा की महत्वपूर्ण खनिज परियोजनाओं में निवेश कर सकेगा। दोनों पक्ष यूरोप को कनाडा से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के निर्यात को बढ़ाने की संभावनाओं पर भी अध्ययन करेंगे। इसके साथ ही एक नई ट्रांसअटलांटिक डेटा केबल बिछाने पर भी विचार किया जाएगा। शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में कनाडा की भागीदारी बढ़ाने की योजना है। कनाडा यूरोपीय संघ के इरास्मस प्लस कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी और अगले होराइजन यूरोप अनुसंधान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बातचीत करेगा। रक्षा सहयोग के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। कनाडा ने यूरोपीय संघ की ‘सिक्योरिटी एक्शन फॉर यूरोप’ (सेफ) पहल के तहत अपना दूसरा अनुबंध हासिल किया है। 4.4 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य के इस अनुबंध के तहत मॉन्ट्रियल स्थित कंपनी गैल्वियन लातविया को सैन्य हेलमेट की आपूर्ति करेगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने क्या कहा?
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘दुनिया पहले से अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। ऐसे में संप्रभुता की जरूरतों और उसकी परिभाषा में भी बदलाव आया है।’ कार्नी ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ कनाडा की साझेदारी साझा इतिहास, समान मूल्यों और आपसी सम्मान पर आधारित है। उनके अनुसार, ‘संप्रभुता का वास्तविक अर्थ किसी देश और उसके नागरिकों को अपनी शर्तों पर जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलना है।’ गौरतलब है कि यूरोपीय संघ कनाडा का वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार में दूसरा सबसे बड़ा साझेदार है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, वर्ष 2025 में दोनों पक्षों के बीच कुल व्यापार लगभग 178 अरब डॉलर का रहा।

Leave a Reply

Next Post

मनीषा ने रचा इतिहास तो गदगद हुईं राष्ट्रपति मुर्मू

शेयर करेधवन बोले- आप शानदार फाइटर हैं छत्तीसगढ़ रिपोर्टर           नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026। भारत की पहलवान मनीषा भानवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक […]

You May Like

मनीषा ने रचा इतिहास तो गदगद हुईं राष्ट्रपति मुर्मू....|....कनाडा बनेगा यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’....|....अचानकमार टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से शुरू होगी जंगल सफारी....|....चार करोड़ रुपये वापस पाने की कारोबारी की याचिका खारिज....|....राशन कार्ड बनवाना हुआ मुश्किल? अब 40 बिंदुओं में देनी होगी जानकारी....|....खजुराहो के जवारी वामन मंदिर में भगवान विष्णु की प्रतिमा को मिलेगा मूल स्वरूप....|....लिपिकों को सीधे एडीपीओ बनाने का रास्ता बंद....|....बायोमेट्रिक और मेटल डिटेक्टर से निगरानी....|....कूना में चीते की मौत पर बड़ी कार्रवाई....|....वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में छत्तीसगढ़ से बब्बर शेरों का दिल्ली कूच