सिविल सर्जन 1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

admin
शेयर करे

सक्ती जिला अस्पताल में पे-डेटा भेजने के एवज में मांगी थी रकम, ACB ने किया ट्रैप

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

सक्ती, 24 जुलाई 2026। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारी का वेतन संबंधी पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के बदले रिश्वत की मांग की थी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है।

फार्मासिस्ट ने एसीबी से की शिकायत

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल सक्ती में अटैचमेंट पर कार्यरत फार्मासिस्ट ग्रेड-2 गंगा प्रसाद रत्नाकर ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय पोरथा (जिला सक्ती) में है और वे फरवरी 2026 से जिला अस्पताल सक्ती में कार्यरत हैं।

5 महीने के पे-डेटा के लिए मांगे 1 लाख

शिकायत में बताया गया कि मई और जून 2026 का वेतन जारी कराने के लिए जरूरी पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय नहीं भेजा जा रहा था। आरोप है कि डॉ. संतोष कुमार पटेल ने फरवरी से जून 2026 तक का पे-डेटा भेजने के बदले 20 हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से कुल 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी।

शिकायत का सत्यापन कर बनाई ट्रैप की योजना

गंगा प्रसाद रत्नाकर रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहते थे। उन्होंने एसीबी से शिकायत की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई।

डभरा कॉलेज मोड़ पर रंगे हाथ पकड़ा गया

23 जुलाई 2026 को डॉ. पटेल ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर डभरा बुलाया। दोनों की मुलाकात डभरा कॉलेज मोड़ के पास तय हुई। रात करीब 9 बजे जैसे ही डॉ. पटेल शिकायतकर्ता की स्कॉर्पियो में बैठकर 1 लाख रुपए की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए एसीबी बिलासपुर की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से पूरी रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसीबी ने आरोपी डॉ. संतोष कुमार पटेल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

प्रभारी सिविल सर्जन की गिरफ्तारी के बाद सक्ती जिले के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में एसीबी आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Next Post

छ्त्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर गांजा तस्करी

शेयर करेबस्तर के रास्ते रायपुर ले जा रहे थे गांजा, बीच रास्ते पुलिस ने 2 को पकड़ा छत्तीसगढ़ रिपोर्टर   जगदलपुर, 24 जुलाई 2026। बस्तर पुलिस ने एक बार फिर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छ्त्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ […]

You May Like

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: भारत दौरे पर आएंगे चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग....|....नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं - राज्यपाल श्री डेका....|....आईआरसीटीसी होटल मामला: लालू-राबड़ी और तेजस्वी पर आरोप तय....|....31 साल बाद फिर सुर्खियों में झिरन्या....|....33 साल प्लॉट का इंतजार और आज सब्र टूटा....|....सागर जहरीली शराब कांड : आरोपियों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा....|....रात में सड़क पर मौत बनकर खड़ा था दंतैल, सामने आते ही युवक को कुचला....|....हॉस्टल से निकला 9 साल का मासूम फिर नहीं लौटा....|....सीएम विष्णुदेव साय समेत मंत्रियों ने किया 80s रेट्रो एआई ट्रेंड....|....25 सालों में मोदी ने गोधरा से लेकर जेन जी आंदोलन तक का सफर तय किया - कांग्रेस