मुंबई में चॉल गिरने से छह की मौत, सरकार का मुआवजे का एलान; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर  

मुंबई 06 जुलाई 2026। मुंबई में जारी भीषण बारिश कहर बरपा रही है। मुंबई में रविवार को हुई भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, पेड़ गिरने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर एक इमारत पर लगी ग्रिल गिरने से भी एक शख्स की मौत हो गई।  रविवार की सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 72 मिमी और 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शाम के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ गई और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं, खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन भी एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के मानखुर्द इलाके में चॉल गिरने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह हादसा रविवार रात भारी बारिश के बीच मंडाला इलाके में हुआ, जब तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे भवन की दो से तीन रिहायशी इकाइयां गिर गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ढही हुई इमारत पास की एक झोपड़ी पर भी जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट को रेड अलर्ट में बदला गया। आईएमडी के मुताबिक, लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, फ्लैश फ्लड, नदियों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा है। तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं, पुराने और जर्जर भवनों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें और खराब मौसम रहने की संभावना है, जिससे सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वही, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, पेड़ों, जर्जर इमारतों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहने की अपील की है। नागरिकों को समुद्र तटों और जलभराव वाले इलाकों में न जाने की सलाह भी दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में BMC हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क किया जा सकता है। स्थिति से निपटने के लिए BMC और अन्य सरकारी एजेंसियों के करीब 15,000 अधिकारी और कर्मचारी शहरभर में तैनात किए गए हैं। 

भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं बाधित

मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली रेल सेवाएं सोमवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण बाधित हो गईं। मध्य रेलवे के अनुसार, करजत-लोनावला के बीच भोेर घाट सेक्शन में दो जगह भूस्खलन होने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट, रीशेड्यूल और कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांचने की अपील की है। 

Leave a Reply

Next Post

'370 हटाना सच्ची श्रद्धांजलि', श्यामा प्रसाद की जयंती पर पीएम मोदी ने किया याद

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर   नई दिल्ली 06 जुलाई 2026। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रवादी विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का योगदान कई क्षेत्रों में रहा। वे […]

You May Like

नकटी गांव के पीड़ितों के लिए कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन, बैठक में बनी रणनीति, राज्यपाल से जल्द करेंगे मुलाकात....|....भाई की मौत का राज बताने के नाम पर 40 लाख की ठगी, रायपुर के तांत्रिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज....|....यूपी-बिहार के बाद अब झारखंड में ऑपरेशन लंगड़ा; कुख्यात शिवराज को पैर में मारी गोली....|....कोरबा एलआईसी ऑफिस में सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस....|....पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव का एलान....|....दलाई लामा के 91वें जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- उनका शांति का संदेश सबके लिए प्रेरणादायक....|....किश्तवाड़-डोडा में भारी बारिश: भीषण बाढ़ से मची तबाही, वाहन मलबे में फंसे, पावर प्रोजेक्ट को नुकसान, सड़क बंद....|....'370 हटाना सच्ची श्रद्धांजलि', श्यामा प्रसाद की जयंती पर पीएम मोदी ने किया याद....|....मुंबई में चॉल गिरने से छह की मौत, सरकार का मुआवजे का एलान; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट....|....नीरू शर्मा की 'बांद्रा बॉय' ने न्यूयॉर्क में रचा इतिहास