पुलिस ने दर्ज कीं 22 एफआईआर

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर 2026। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन जारी रखने के एलान के बाद आज भी दिल्ली में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी जुटे। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। सीजेपी के अंजिक्य शिंदे ने कहा कि जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया है। उधर, आज दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन खुले हैं। मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट खुले रहेंगे।
दिल्ली-नोएडा के कालिंदी कुंज बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
दिल्ली-नोएडा के कालिंदी कुंज बॉर्डर पर रविवार को भी सुरक्षा व्यवस्था जारी है। बॉर्डर पर अभी भी बैरिकेड्स लगे हैं और दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं। हालांकि, शनिवार के मुकाबले सुरक्षाकर्मियों की संख्या में कुछ कमी दिखाई दे रही है और वाहनों की जांच भी पहले की अपेक्षा कम सख्ती से की जा रही है। इससे लोगों को जाम से राहत मिली है। फिलहाल, आवाजाही के लिए एक ही लेन खोली गई है, जबकि दोनों तरफ के रास्ते पूरी तरह नहीं खोले गए हैं। ऐसे में यातायात सामान्य होने के बावजूद बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
जनपथ मार्ग पर पहुंचे प्रदर्शनकारी
कनॉट प्लेस सर्कल के जनपथ मार्ग पर प्रदर्शनकारी पहुंचे और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। कनॉट प्लेस से कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुबह खुली कई दुकानों को बंद कर दिया गया है।
मुझे किडनैप किया गया था: ध्रुव राठी
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि मुझे किडनैप किया गया था। हिरासत में उसे लिया जाता है जो कहीं प्रतिबंधित जगह जा रहा हो मैं तो अपना घर पर सो रहा था। सिविल ड्रेस में पुलिस के गुंडे मेरे घर में घुसे थे। मैं अपने मां पिता के साथ था अपने घर में था। मैं इसे हिरासत नहीं किडनैपिंग कहूंगा। मैं भारतीय नागरिक हूं, था, और रहूंगा। कुछ लोग मेरे पासपोर्ट को लेकर गलत अफवाह फैला रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने करीब 22 प्राथमिकी दर्ज कीं
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने करीब 22 प्राथमिकी दर्ज की है। नई दिल्ली जिले के हर थाने में फिर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, इन में किसी को नामजद नहीं किया गया है।


