डीईओ ने जांच के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
बुरहानपुर, 29 सितंबर 2026। बुरहानपुर जिले के ग्राम चाकबारा स्थित शासकीय हाई स्कूल में विद्यार्थियों से स्कूल परिसर की साफ-सफाई करवाए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल के विद्यार्थियों के झाड़ू लगाते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद पालकों में नाराजगी है। पालकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल पढ़ाई करने के लिए भेजा जाता है, उनसे सफाई करवाना उचित नहीं है। पालकों का कहना है कि यदि विद्यालय में सफाई कर्मचारी या चपरासी नहीं है तो उसकी व्यवस्था करना शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से स्कूल की नियमित सफाई करवाना इसका समाधान नहीं हो सकता। पालक अमजद तड़वी ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों से इस तरह का काम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को लेकर पालकों की ओर से आपत्ति जताने पर कई बार प्राचार्य के साथ विवाद की स्थिति भी बनती है। पालकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और विद्यार्थियों से नियमों के विपरीत काम करवाया जाना पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय में कोई चपरासी नहीं- प्राचार्य
मामले को लेकर स्कूल के प्राचार्य विजय महाजन ने कहा कि विद्यालय में कोई चपरासी नहीं है। उनके मुताबिक स्कूल परिसर में गिरे कचरे और गंदगी को विद्यार्थी स्वच्छता के तहत साफ करते हैं। प्राचार्य के इस बयान के बाद स्कूल की नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि यदि विद्यालय में सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है तो उसकी व्यवस्था के लिए शिक्षा विभाग की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं।
DEO ने कही जांच की बात
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार ने कहा कि प्राचार्य से पूरे मामले को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विद्यार्थियों से किस परिस्थिति में सफाई कराई गई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। पालकों ने भी मामले में कार्रवाई और स्कूल में उचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


