स्कूल पहुंचे तो 8 शिक्षक मिले गायब, नोटिस के निर्देश

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
कोरबा, 06 सितंबर 2026। जिले में शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए प्रधानमंत्री एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी पहुंचकर विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत का पाठ पढ़ाया। उन्होंने क्लास में बैठकर बच्चों से वन-टू-वन संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान 8 शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन दोबारा नहीं आता, यही मेहनत का सही समय है। माता-पिता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से पढ़ाई जरूरी है। उन्होंने बताया कि अनुशासन, कड़ी मेहनत, दृढ़ निश्चय और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता ही सफलता की नींव हैं।
12वीं साइंस के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने उन्हें फिजिक्स के सवाल हल करने को दिए। समय पर सवाल हल न होने पर उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि शिक्षक उनके भविष्य के लिए मार्गदर्शन करते हैं, इसलिए उनकी बात मानें और शंकाओं का समाधान शिक्षक से ही करें।
विद्यार्थियों ने पानी सहित भोजन और आवासीय व्यवस्था की समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने बताया कि क्षेत्र में जलस्तर नीचे जाने से बोर फेल हुए हैं, पानी की स्थायी समस्या के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जल्द समाधान होगा। उन्होंने प्राचार्य और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर को अन्य समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान PGT/TGT शिक्षक दीपेंद्र, तरुण कुमार, तरुण कुमार पैकरा, संदीप राज, संदीप यादव, पवन कुमार, ऊषा एवं अशोक अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालय में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नीट-जेईई की आवासीय कोचिंग और उच्च शिक्षा के लिए फीस सहायता की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।


