8 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी; आखिरकार गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर
दुर्ग-भिलाई, 14 सितंबर 2026। दुर्ग संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से पांच लाख रुपये ऐंठने वाले आरोपी शमीम खान को पुलिस ने करीब आठ वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों पीड़ितों से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लेने का अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
रकम के बाद भी पीड़ितों को नहीं मिली नौकरी
यह पूरा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पुरैना निवासी डी. सत्य साईं ने 17 नवंबर, 2018 को पुरानी भिलाई थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कसारीडीह निवासी शमीम खान ने पीड़ित और उसके परिचित सीएच बैकुंठ राव को संभाग आयुक्त कार्यालय दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपी ने दोनों व्यक्तियों को नौकरी लगवाने का भरोसा देकर कुल पांच लाख रुपये वसूल किए। रकम लेने के बाद भी दोनों पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली। जब पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने धनराशि लौटाने से इन्कार कर दिया।
पुलिस जांच में डिजिटल सबूत बरामद
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज, बैंक खाता विवरण, लेन-देन का वीडियो और कर्ज से संबंधित दस्तावेज साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए। पुलिस ने सभी साक्ष्यों की जांच-पड़ताल की और आरोपी शमीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने दोनों व्यक्तियों से नौकरी लगाने के नाम पर रुपये लेने की बात स्वीकार कर ली।
यूनियन बैंक रिकॉर्ड और पेन ड्राइव जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से यूनियन बैंक का बैंक विवरण, लेन-देन का वीडियो रखने वाली पेन ड्राइव और कर्ज से जुड़े तीन महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी शमीम खान कसारीडीह, दुर्ग का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड के आधार पर जेल भेज दिया गया।

