भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा : राहुल गांधी

admin
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

नई दिल्ली 01 मार्च 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी सरकार द्वारा किये गए भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे। गांधी ने पंजाब के बरनाला में आयोजित ‘किसान महाचौपाल रैली’ को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र को खोलने को लेकर असहमति के कारण यह समझौता चार महीने से रुका हुआ है। उन्होंने कहा, ”सवाल उठता है कि जो काम प्रधानमंत्री ने चार महीने तक नहीं किया, वह उन्होंने 15 मिनट में कैसे कर दिया?” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने सवाल किया कि व्यापार समझौता अचानक क्यों किया गया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गारंटी दी कि भारत हर साल नौ लाख करोड़ रुपये के अमेरिकी उत्पाद खरीदेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता ”भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा”। गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि हाल ही में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद उन्हें लोकसभा में बोलने की अनुमति नहीं दी गई, क्योंकि वह पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे के संस्मरणों पर टिप्पणी करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उनका इरादा जनरल नरवणे (सेवानिवृत्त) की एक अप्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करने का था, जिसमें, उनके (नरवणे के) दावे के अनुसार, सीमा के निकट चीनी सैनिकों की गतिविधियों के दौरान राजनीतिक नेतृत्व की त्वरित प्रतिक्रिया के अभाव का वर्णन किया गया है।

गांधी ने कहा, ”मैंने विशेषज्ञों से पूछा कि यह (कृषि) समझौता क्यों अटका हुआ है। मुझे जवाब मिला कि अमेरिका चाहता है कि भारतीय कृषि क्षेत्र को उसके लिए खोला जाए और हमारी सरकार इसे खोलना नहीं चाहती।” उन्होंने कहा कि इस मोर्चे पर चार महीने तक कुछ भी नहीं हुआ। गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल, कृषि मंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री से परामर्श किए बिना अमेरिकी राष्ट्रपति को फोन किया। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि वह समझौते के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिका को सोयाबीन, मक्का, कपास, फल और बादाम बेचने की अनुमति दी है।

गांधी ने कहा, ”हमारे किसान आधुनिक मशीनों से लैस नहीं हैं। उनके पास छोटी जोत वाली भूमि हैं, जबकि इसके उलट अमेरिका में विशाल जोत हैं और वहां मशीनीकृत खेती भी होती है।” उन्होंने आरोप लगाया, ”नरेन्द्र मोदी जी ने कृषि क्षेत्र के दरवाजे खोल दिए हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा- इन सभी राज्यों के किसान बर्बाद हो जाएंगे।” गांधी ने कहा, ”अमेरिका से सामान आएगा और हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे।” उन्होंने कहा, ”मोदी ऐसा नहीं करना चाहते थे। मुझे पता है, क्योंकि चार महीने से वह इसे रोकने की कोशिश कर रहे थे। सरकार में हमारे संपर्क हैं, हम नौकरशाहों को जानते हैं, और हमने उनसे पूछा कि क्या वह कृषि क्षेत्र खोलेंगे। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं कर रहे हैं। गांधी ने कहा, ”कांग्रेस हो या भाजपा, आज तक किसी प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र को नहीं खोला है।” उन्होंने कहा, ”फिर सवाल उठता है कि जो काम मोदी ने चार महीने तक नहीं किया, वह उन्होंने 15 मिनट में कैसे कर दिया?” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर भारत हर साल नौ लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदता है, तो हमारे लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र का क्या होगा? उन्होंने दावा किया कि यह क्षेत्र पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका से कहा है कि भारत उसी देश से तेल खरीदेगा जिससे वह (अमेरिका) चाहेगा। गांधी ने कहा, ”हम न तो रूस से तेल खरीदेंगे और न ही ईरान से। अगर आप (अमेरिका) हमें वेनेजुएला, अमेरिका और सऊदी अरब से तेल खरीदने के लिए कहते हैं, तो भारत की पूरी ऊर्जा सुरक्षा खत्म हो जाएगी।” इस अवसर पर कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर रंधावा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Next Post

'नकली आंसू बहाए, दिल्लीवासियों को भ्रमित करने की कोशिश...', BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का केजरीवाल पर तीखा हमला

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर नई दिल्ली 01 मार्च 2026। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह देखना चौंकाने वाला है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जिन्हें हमेशा राजनीतिक गिरगिट के रूप में जाना गया है, पिछले साल की भारी हार के बाद लगभग दिल्ली से गायब हो गए थे, […]

You May Like

'कुछ लोग निराशावादी ही हैं, भारत को नीचा दिखाना चाहते हैं', पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बोला हमला....|....दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के मामले में होटल का रसोइया गिरफ्तार, मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज....|....ईद मनाने निकले लेकिन...:सहारा रेगिस्तान में फंस गया ट्रक, 49 लोगों की तड़प-तड़प कर मौत....|....महागठबंधन में दरार! झामुमो ने बदली रणनीति, अब राज्यसभा की दोनों सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार....|....इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्री बोले- क्वारंटाइन किए गए लोगों में नहीं मिले संक्रमण के लक्षण....|....पंजाब में भीषण सड़क हादसा: ट्रॉला और पिकअप में जबरदस्त टक्कर, डेरा ब्यास जा रहे आठ श्रद्धालुओं की मौत....|....35 सेकंड में युवती का कत्ल: ऑफिस में युवक ने किए 30 वार, एकतरफा प्यार और हत्या में परिवार के दावे से नया मोड़....|....'कूटनीति से ही समाधान संभव': यूएन से सम्मानित मेजर अभिलाषा का शांति संदेश, लेबनान के पुनर्निर्माण की बताई जरूरत....|....राष्ट्रीय स्तर पर 3% गिरावट के बीच यूपी का शानदार प्रदर्शन, जीएसटी संग्रह में 13% बढ़ोतरी, देश में नंबर वन....|....सुरक्षा कटौती पर बिहार में रार: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने आवास से सुरक्षाकर्मियों को लौटाया; अपमान का लगाया आरोप