43 की उम्र में रोहन बोपन्ना ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचकर बने नंबर-1

Chhattisgarh Reporter
शेयर करे

छत्तीसगढ़ रिपोर्टर

मेलबर्न 24 जनवरी 2024। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने बुधवार (24 जनवरी) को इतिहास रच दिया। उन्होंने अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए। पुरुष युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में दोनों ने मिलकर मैक्सिमो गोंजालेज और आंद्रेस मोल्तेनी की जोड़ी को हराया। रोहन और एबडेन ने अर्जेंटीना की इस जोड़ी को 6-4, 7-6 (7-5) के अंतर से हराया। बोपन्ना ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहली बार पुरुष युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। क्वार्टर फाइनल में मिली जीत के साथ ही उन्होंने इतिहास भी रच दिया। वह पुरुष युगल टेनिस रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए। उन्होंने पहली बार यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि वह पहली बार 43 साल की उम्र में शीर्ष पर पहुंचे हैं। बोपन्ना पहली बार नंबर-1 बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।

बोपन्ना ने तोड़ा राजीव राम का रिकॉर्ड
भारतीय टेनिस स्टार ने अमेरिका के राजीव राम को पछाड़कर नया रिकॉर्ड बनाया। राजीव राम अक्तूबर 2022 में 38 साल की उम्र में अपने करियर में पहली बार ग्रेट ब्रिटेन के साथी जो सैलिसबरी को पीछे छोड़कर पहली बार शीर्ष पर पहुंचे थे।

पिछले साल यूएस ओपन के फाइनल में मिली थी हार
कोर्ट तीन पर जीत के साथ मेलबर्न पार्क में अपना लगातार 17वां टूर्नामेंट खेल रहे बोपन्ना अपने करियर में पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे दौर तक पहुंचना था। वह छह बार क्वार्टर फाइनल में बाहर हुए थे। टूर्नामेंट समाप्त होने के अगले दिन नई रैंकिंग में बोपन्ना शीर्ष पर दिखेंगे। बोपन्ना और एबडेन की जोड़ी पिछले साल यूएस ओपन के फाइनल में हार गई थी। चार महीने बाद दोनों फिर से ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंच गए। 

सभी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे
बोपन्ना की इस जीत ने सभी ग्रैंडस्लैम में कम से कम सेमीफाइनल में पहुंचने का उनका रिकॉर्ड पूरा कर दिया है। 2011, 2016, 2018 और 2021 में चार क्वार्टर फाइनल में हार के बाद बोपन्ना 2022 में मैटवे मिडलकूप के साथ फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। विंबलडन में उन्होंने 2013, 2015 और 2023 में तीन बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, यूएस ओपन में दो बार (2010 और 2023) फाइनल में पहुंचे हैं। वह अब तक युगल में ग्रैंडस्लैम नहीं जीत पाए हैं।

यह खास रिकॉर्ड बना सकते हैं बोपन्ना
दूसरी वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी का अगला मुकाबला चीन के गैर वरीय झांग झिझेन और चेक गणराज्य के टॉमस मचाक से होगा। झिझेन और मचाक ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में एडम पावलासेक और एरियल बेहार को 6-3, 6-1 से हराया। भारत का यह महान खिलाड़ी अब पुरुष युगल में पहली ग्रैंड स्लैमट्रॉफी से दो जीत दूर है। हालांकि, वह एक मिश्रित युगल ग्रैंडस्लैम चैंपियन है। उन्होंने 2017 में फ्रेंच ओपन में कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की के साथ मिलकर विजेता बने थे। एबडेन की बात करें तो वह मिश्रित युगल और पुरुष युगल में ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं। बोपन्ना अगर खिताब जीतते हैं तो वह ग्रैंडस्लैम पुरुष युगल चैंपियन बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे।

Leave a Reply

Next Post

सनी लियोनी के ब्रांड स्टारस्ट्रक का नेचुरल्स ब्यूटी एकेडमी के साथ कोलैबोरेशन

शेयर करे छत्तीसगढ़ रिपोर्टर/ अनिल बेदाग मुंबई 24 जनवरी 2024। एक्ट्रेस-एंटरप्रेन्योर सनी लियोनी ने अपने कॉस्मेटिक ब्रांड ‘स्टार स्ट्रक बाय सनी लियोनी’ के लिए नेचुरल्स ब्यूटी एकेडमी के साथ कॉलेबोरेट किया है। यह नेशनल लेवल पर ब्यूटी एजुकेशन और रिटेल सेक्टर में परिवर्तन लाने के लिए एक ऐतिहासिक पार्टनरशिप की शुरुआत […]

You May Like

छत्तीसगढ़ में 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, नकदी और सोना जब्त....|....दोस्तों के साथ मामूली झगड़ा, फिर तीन दिन बाद प्लास्टिक बैग में मिला नाबालिग का शव…पुलिसवालों पर टूट पड़ी भीड़, फूंकी गाड़ियां....|....रामनवमी में DJ बैन पर झारखंड विधानसभा में बवाल, विधानसभा में भिड़े सत्ता और विपक्ष के विधायक....|....कबीरधाम में पशु तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, चार आरोपी गिरफ्तार, सात मवेशी और दो पिकअप जब्त....|....संसद में उठा फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग का मुद्दा: खरगे के तीखे सवाल, नड्डा बोले- विपक्ष के ऐसे बयान निंदनीय....|....होर्मुज से गुजरेंगे भारतीय टैंकर: विदेश मंत्री जयशंकर और अराघची की बातचीत के बाद निकला रास्ता, मिली बड़ी राहत....|....सम्राट चौधरी के आवास पर पहली बार इतनी बड़ी बैठक; कुशवाहा और चौधरी आवास भी आ गया चर्चा में....|....शंकराचार्य बनाएंगे चतुरंगिणी सेना, शस्त्र उठाने से परहेज नहीं; गोरखपुर से शुरू होगी गविष्ठि यात्रा....|....'पड़ोसी देशों की रक्षा करेगा भारत', रक्षा राज्य मंत्री ने कहा-आतंकवाद बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे....|....महाराष्ट्र विधानसभा में बम की धमकी, बजट सत्र के बीच हड़कंप; पुलिस ने जांच शुरू की